जबलपुर: चैत्र नवरात्र की पावन चतुर्थी तिथि पर शहर में भक्ति और आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जब 151 मीटर लंबी भव्य चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया। होमसाइंस कॉलेज के पास से प्रारंभ हुई यह यात्रा मानस भवन, राइट टाउन स्थित खेरमाई माता मंदिर तक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं व्यक्त कीं। पूरे मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा की गई और यात्रा का स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्ति गीतों की धुन और भक्तों की उमंग ने माहौल को और भी दिव्य बना दिया।
लाल वस्त्रों में सजी महिलाओं ने बढ़ाई शोभा
यात्रा में सबसे आकर्षक दृश्य रहा—सैकड़ों महिलाओं का लाल साड़ी और पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होना। सभी महिलाएं एक साथ 151 मीटर लंबी रंग-बिरंगी चुनरी को थामे हुए थीं, जो श्रद्धा और एकता का प्रतीक बन गई। पूरे मार्ग में “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
मां दुर्गा का सजीव रूप बना आकर्षण का केंद्र
यात्रा का मुख्य आकर्षण श्रीमती वनिता मालवीय द्वारा धारण किया गया मां दुर्गा का स्वरूप रहा। जैसे ही वे यात्रा में आगे बढ़ीं, श्रद्धालु उनके दर्शन के लिए उमड़ पड़े। कई लोगों ने उन्हें साक्षात मां का रूप मानकर आरती उतारी और पुष्प अर्पित किए।
पांच वर्षों से निरंतर आयोजन
इस भव्य आयोजन का नेतृत्व श्रीमती कविता दुबे, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा एवं अध्यक्ष धर्म संस्कृति सांस्कृतिक एवं सामाजिक संगठन द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि यह चुनरी यात्रा विगत 5 वर्षों से लगातार निकाली जा रही है, जिसका उद्देश्य समाज में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देना है।
ये रहे उपस्थित
यात्रा में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता पं. धीरज पटेरिया, सुरेश पाण्डेय, आशीष शर्मा, शक्ति शुक्ला, आशीष शुक्ला, डॉ. सचिन बुधौलिया, आशीष दुबे, मुरारी जी, मोहित संघी, कृष्ण कांति पांडे, शोभा त्रिवेदी, कीर्ति तिवारी, पुष्प चौबे, सपना तिवारी, सपना मिश्रा, सविता शर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। सभी ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ यात्रा में भाग लिया।
