
छतरपुर। जिले की घुवारा तहसील के ग्राम सौरखी में बीती शाम आकाशीय बिजली गिरने से दो सगे आदिवासी भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मछली पकड़कर घर लौट रहे थे। तेज बारिश से बचने के लिए वे एक पेड़ के नीचे रुके थे, तभी बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, बीती शाम करीब 4:30 बजे पांच-छह ग्रामीण धसान नदी पर बने बान सुजारा बांध में मछली पकड़ने गए थे। लौटते समय रास्ते में नाले में पानी अधिक होने के कारण चार ग्रामीण दूसरे रास्ते से निकल गए, जबकि विश्वां निवासी कनई आदिवासी और चरन आदिवासी दूसरे मार्ग से घर लौट रहे थे। बारिश तेज होने पर दोनों एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए, जहां अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। वहीं दूसरे पेड़ के नीचे खड़े चार ग्रामीण सुरक्षित बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही घुवारा तहसीलदार प्रीतम सिंह गौड़ एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
