मुंबई, 19 मई (वार्ता) भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूती देने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए इंडसइंड बैंक ने सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) के एआईसी एसटीपीआईनेक्स्ट के साथ एक रणनीतिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
कंपनी ने सोमवार को बयान जारी कर बताया कि यह साझेदारी शुरुआती चरण के स्टार्टअप और एमएसएमई को वित्तीय समाधान, विशेषज्ञ सलाह और संरचनात्मक सहयोग प्रदान करने पर केंद्रित है। इस सहयोग के तहत इंडसइंड बैंक एसटीपीआईनेक्स्ट से जुड़े स्टार्टअप को बिना न्यूनतम शेष राशि की शर्त वाले विशेष चालू खाता सुविधा, मुफ्त पेरोल और उपस्थिति प्रबंधन सेवाएं, और वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी कार्यशालाओं के माध्यम से मजबूत सहयोग देगा।
इन कार्यशालाओं में बैंकिंग मूल बातें, इक्विटी निवेश, ईएसओपी और विभिन्न सेगमेंट-आधारित फंडिंग मॉडलों पर मार्गदर्शन शामिल होगा। यह पहल देश में नवाचार को प्रोत्साहित करने और स्टार्टअप को आत्मनिर्भर एवं वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। दोनों संस्थाएं मिलकर ऐसा सशक्त पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करने की दिशा में अग्रसर हैं, जहां नए विचार फले-फूलें और भारत की आर्थिक प्रगति में सक्रिय योगदान दें।

