
सागर।सागर जिले के बांदरी थाना अंतर्गत पैसों के लेनदेन पर से मारपीट में घायल युवक की मौत के बाद परिजनों ने राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-44 पर शव रखकर जाम लगा दिया. जो लगभग दो-तीन घंटे तक चलता रहा. पुलिस प्रशासन के आश्वासन पर जाम समाप्त हुआ.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व रजवांस निवासी दामोदर पिता रामस्वरुप सेन उम्र 35 वर्ष के साथ श्यामा घोषी और अन्य द्वारा मारपीट की गई थी. जिसमें गंभीर रुप से घायल दामोदर की कल रात में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई. थाने में फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरुद्ध मारपीट का प्रकरण भी दर्ज किया गया था. पुलिस के अनुसार मृतक दामोदर आरोपी श्यामा की दुकान पर काम करता था और पैसों के लेनदेन पर से विवाद हुआ और मारपीट की गई.
मारपीट में घायल दामोदर की मौत के बाद आज दोपहर में एनएच-44 झांसी-लखनादौन के बीच ललितपुर से निकले राजमार्ग पर परिजनों ने जाम लगा दिया. जो 2-3 घंटे तक चलता रहा और पुलिस प्रशासन के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ.
मृतक के परिजनों ने आरोपियों के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज करने और आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की.
