
सीधी/चुरहट। चुरहट बाजार स्थित तिराहे पर देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू की वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुंवर अर्जुन सिंह द्वारा स्थापित प्रतिमा हटाए जाने से सियासत गरमा गई है। प्रतिमा को हटाए जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने कड़ा आक्रोश जताया और चुरहट थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर कार्रवाई व नई प्रतिमा लगाने की मांग की।
जानकारी के अनुसार शनिवार को मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक बेटू रावत ने प्रतिमा को उसके स्थल से हटाकर नीचे रख दिया। घटना की जानकारी मिलते ही लोग एकत्र हुए और नाराजगी जताई। नगर परिषद ने तत्काल प्रतिमा को पुनः यथास्थान पर स्थापित कर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था शुरू कर दी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि यह घटना अपमानजनक है और प्रशासन की लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएं हो रही हैं। कांग्रेस ने सीसीटीवी लगाने और नई प्रतिमा स्थापित करने की मांग की। वहीं, प्रशासन का कहना है कि यह घटना किसी राजनीतिक विद्वेष से प्रेरित नहीं है, बल्कि मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक द्वारा की गई है।
