हाईवे पर दो सडक़ हादसे, 2 की मौत, खड़े ट्रक से भिड़ी बस दर्जन भर घायल

ब्यावरा/करनवास। रविवार तडक़े आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो अलग-अलग जगह हुई सडक़ दुर्घटनाओं में दो यात्री बस दुर्घटना का शिकार हुई. इन दो हादसो में दो यात्री की मौत हो गई जबकि दर्जन भर यात्री घायल हो गये. कुछ यात्री को गंभीर चोट आई है. करनवास थाना क्षेत्र में एक यात्री बस खड़े ट्रक से टकरा गई, जबकि गुना रोड पर खड़ी बस से एक ट्रक जा भिड़ा.

जानकारी के अनुसार एक सडक़ दुर्घटना आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर करनवास और दूधी के मध्य माधोपुरा जोड़ के समीप हुई जिसमें इंदौर से दिल्ली जा रही हंस ट्रेवल्स की यात्री बस क्रमांक ए.आर. 11, जी. 4545 रात्रि करीब 12 बजे रोड पर खड़े प्याज से भरे ट्रक से जा टकराई. दुर्घटना में बस में सवार ग्राम गोघटपुर निवासी कालू पिता मोतीलाल सौंधिया उम्र 40 वर्ष ने गंभीर चोट के चलते दम तोड़ दिया. जबकि बस चालक पपिंदर पिता हरनाम सिंह 55 वर्ष तथा बस हेल्पर रवि और मनमोहन सहित पांच लोग घायल हो गये. अन्य यात्रियों को दिव्यांग शर्मा उम्र 17 वर्ष, बनवारी शर्मा उम्र 45 वर्ष, नरेश परिहार को भी चोट आई है. घायलों में 3 लोग बस के स्टॉफ सदस्य है. जानकारी लगते ही पुलिस एवं नागरिक मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तुरंत ब्यावरा के सिविल अस्पताल लाया गया. जहां चिकित्सक द्वारा उपचार किया गया.

लाइट बंद होने पर खड़ी की थी बस

एक अन्य हादसा गुना रोड पर खाटू श्याम मंदिर धाम के समीप हुआ जिसमें करीब 4 बजे कानपुर से इंदौर जा रही पीतांबरा ट्रेवल्स की यात्री बस लाइट खराब होने पर हाईवे किनारे खड़ी थी तभी पीछे से ट्रक ने जोर की टक्कर मार दी. हादसे में एक पुरुष की दबने से मौत हो गई जबकि 7 अन्य यात्री घायल हो गये.

पुलिस के अनुसार बस में सवार अकबर उम्र 35 वर्ष निवासी नई दिल्ली, गुलाब 45 वर्ष निवासी जालौन, हरिसिंह 45 वर्ष निवासी राजगढ़, अनीश जैन 32 वर्ष उज्जैन, बजरंग तोमर उम्र 45 निवासी ग्वालियर, राकेश शर्मा उम्र 63 निवासी ग्वालियर तथा आलोक द्विवेदी 40 वर्ष निवासी देवास चोट आने से घायल हुए है. घायलों को उपचार के लिए स्थानीय सिविल अस्पताल ले जाया गया. सिटी पुलिस के अनुसार इस मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है. हादसे की सूचना मिलते ही सिटी पुलिस मौके पर पहुंची.

दुर्घटना में पचोर नपं उपाध्यक्ष के पुत्र की मौत

गुना रोड पर खाटू श्याम धाम के समीप बस दुर्घटना में मृतक की पहचान काफी देर तक नहीं हो सकी थी. पचोर संवाददाता के अनुसार दोपहर को मृतक की पहचान पचोर नगर पंचायत के उपाध्यक्ष रामभरोसे यादव के ज्येष्ठ पुत्र अजय यादव के रुप में हुई.

यह पता चलते ही नगर में गहरा शोक छा गया. वह गुना किसी कार्य से गये हुए थे जो बस द्वारा वापस पचोर लौट रहे थे. पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. अंतिम संस्कार आज सोमवार को प्रात: 8 बजे पचोर स्थित मुक्तिधाम पर किया जाएगा.

सडक़ से नीचे पहुंची बस

ट्रक की टक्कर से बस पलटते हुए सडक़ से नीचे खाईनुमा जगह पर जा पहुंची. यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. आसपास मौैजूद लोग बचाव के लिए दौड़ पड़े. जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल पहुंचाया. क्रेन की मदद से बस को सीधा किया गया. हादसे में मृत व्यक्ति की दोपहर तक शिनाख्त नहीं हो सकी थी. बाद में मृतक की पहचान पचोर निवासी के रुप में हुई.

Next Post

पितृपक्ष अमावस्या पर भोजन प्रसादी वितरण

Sun Sep 21 , 2025
इटारसी। पितृपक्ष अमावस्या के अवसर पर बजरंग मंदिर के पास सेवा एक पहल चैरिटेबल एसोसिएशन ने भोजन प्रसादी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान जरूरतमंदों, रेल यात्रियों और राहगीरों को भोजन उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम में गायत्री परिवार के सदस्यों ने भी सहयोग दिया। आयोजन में संस्था के अन्य सदस्य […]

You May Like

Play sound