
सिंगरौली । जिले में विस्थापन और भूमि अधिग्रहण से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस अब बड़े राजनीतिक कार्यक्रम की तैयारी में जुटती नजर आ रही है। कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य अशोक सिंह पैगाम ने जानकारी दी है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी जल्द सिंगरौली का दौरा कर सकते हैं। हालांकि अभी दौरे की तारीख आधिकारिक रूप से तय नहीं हुई है, लेकिन अक्टूबर के अंतिम सप्ताह अथवा नवंबर के प्रथम-द्वितीय सप्ताह में उनके सिंगरौली पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
अशोक सिंह पैगाम के मुताबिक राहुल गांधी के संभावित दौरे के दौरान सिंगरौली में विस्थापन, भूमि अधिग्रहण और प्रभावित परिवारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। कांग्रेस की तैयारी केंद्र और प्रदेश सरकार को इन मुद्दों पर घेरने की है। पार्टी नेताओं का मानना है कि औद्योगिक और खनन परियोजनाओं के कारण जिले में बड़ी संख्या में परिवार विस्थापन तथा भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया से प्रभावित हुए हैं। इन्हीं मामलों को लेकर कांग्रेस बड़े स्तर पर आवाज उठाने की तैयारी कर रही है।
दौरा कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं का मंथन शुरू
संभावित कार्यक्रम में आमसभा आयोजित किए जाने की भी चर्चा है। इसके लिए बासी-बरदहा क्षेत्र को संभावित स्थल के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि कार्यक्रम स्थल पर अंतिम निर्णय अभी नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि आमसभा में संभावित भीड़, क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए स्थान तय किया जाएगा। राहुल गांधी के संभावित दौरे की जानकारी सामने आने के बाद जिला कांग्रेस में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्यक्रम को लेकर तैयारियों पर मंथन कर रहे हैं। यदि दौरा तय होता है तो विस्थापन और भूमि अधिग्रहण के मुद्दे पर कांग्रेस इसे जिले में बड़े राजनीतिक कार्यक्रम के रूप में पेश करने की तैयारी में है। हालांकि अंतिम कार्यक्रम और तारीख की घोषणा कांग्रेस नेतृत्व की ओर से होना बाकी है।
इनका कहना:-
जिले के विस्थापितो एवं आदिवासी परिवारों के साथ शासन-प्रशासन घोर अन्याय कर रहा है। प्रशासन मनमानी पर उतारू है। कांग्रेस पार्टी इसका विरोध करेगी। कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी लोकसभा नेता प्रतिपक्ष का जल्द ही सिंगरौली दौरा कार्यक्रम बन रहा है। हम सब तैयारी में जुट गये हैं। केन्द्र एवं प्रदेश सरकार को घेरने में कांग्रेस पार्टी पीछे नही रहेगी।
अशोक सिंह पैगाम, जिलाध्यक्ष
सिंगरौली, किसान कांग्रेस ग्रामीण
