जबलपुर: जिले के पाटन- शहपुरा मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब खेतों से लौट रहे मजदूरों से भरी एक तेज रफ्तार लोडिंग वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में 8 मजदूर घायल हो गए हैं, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बनी हुई है।जानकारी के अनुसार सभी मजदूर धान की रोपाई का कार्य कर खेतों से लौट रहे थे।
जैसे ही वाहन शहपुरा रोड पर पहुंचा, तेज रफ्तार और संभवतः ओवरलोडिंग के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी पलट गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पलटे वाहन से घायलों को बाहर निकाला। 108 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को तत्काल पाटन अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल दो मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर कर दिया गया है।पाटन पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
