दुबई, 22 अक्टूबर (वार्ता) श्रीलंका की मल्की मदारा को बंगलादेश के खिलाफ महिला क्रिकेट विश्व कप लीग मैच के दौरान आईसीसी आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघन के लिए फटकार लगाई गई है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मदारा को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहयोगी कर्मियों के लिए ‘आक्रामक प्रतिक्रिया’ आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 का उल्लंघन का दोषी पाया। इसके लिए मदारा को फटकार लगाई गई और उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है। 24 महीने की अवधि में उनका यह पहला अपराध था।
यह घटना सोमवार को नवी मुंबई में बंगलादेश की पारी के 11वें ओवर में हुई, जब मदारा ने फरगाना होक को आउट करने के बाद बल्लेबाज के बहुत करीब आकर जश्न मनाया, जिससे बल्लेबाज की आक्रामक प्रतिक्रिया भड़क सकती थी। मदारा पर मैदानी अंपायर कैंडेस ला बोर्डे और सारा डंबनेवाना, तीसरे अंपायर लॉरेन एगेनबैग और चौथे अंपायर क्लेयर पोलोसाक ने यह आरोप लगाया था। मदारा ने इसे स्वीकार कर लिया है और एमिरेट्स आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी की शैंड्रे फ्रिट्ज द्वारा प्रस्तावित दंड को स्वीकार कर लिया, इसलिए औपचारिक सुनवाई की कोई आवश्यकता नहीं पड़ी।
आईसीसी के एक बयान के अनुसार, लेवल 1 के उल्लंघन के लिए न्यूनतम दंड आधिकारिक फटकार, अधिकतम दंड खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत और एक या दो डिमेरिट अंक हो सकते हैं।

