फ्रीगंज के एलएम कॉम्प्लेक्स में 12 कार्यालयों में चोरी की वारदात

उज्जैन: एलएम कॉम्प्लेक्स में बदमाश ने शनिवार रात जमकर उत्पात मचाया। चार मंजिला कॉम्प्लेक्स में घुसे बदमाश ने एक-एक कर करीब 12 कार्यालयों के ताले तोड़े और दरवाजों की तलाशी ली। सीसीटीवी कैमरे में बदमाश हाथों में ग्लव्स और चेहरे पर मास्क लगाए नजर आया है। आशंका है कि वारदात से पहले उसने कॉम्प्लेक्स की रेकी की थी।
बदमाश रात में कॉम्प्लेक्स में दाखिल हुआ और आराम से अलग-अलग कार्यालयों के ताले तोड़ता रहा। रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे जब कार्यालय संचालक पहुंचे तो ताले टूटे मिले। सूचना पर माधवनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
चोरी की वारदात में अनिल गोयल की गोयल एंड कंपनी से करीब 50 से 60 हजार रुपये, संजय अग्रवाल के कार्यालय से करीब 50 हजार, अतुल नीमा के कार्यालय से करीब 80 हजार रुपये चोरी होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा शैलेन्द्र शर्मा के सीएस कार्यालय, सुनील जैन के सिद्धार्थ ट्रांसपोर्ट, हेमंत व्यास की श्रीनिधि फायनेंस कंपनी, मनोज अग्रवाल एंड कंपनी, अभिषेक जैन के सॉफ्टवेयर कोचिंग सेंटर, श्री बाला जी इन्वेस्टमेंट कंपनी, कासलीवाल एसोसिएट तथा गुरु बृहस्पति सहकारी साख संस्था के ताले भी टूटे मिले हैं। कॉम्प्लेक्स के लोगों के अनुसार रात में चैनल बंद कर दिया जाता है और सुबह करीब आठ बजे खोला जाता है।

पुलिस अब सीसीटीवी खंगाले में जुटी

आशंका है कि बदमाश रात में चैनल बंद होने के बाद अंदर छिप गया था। वारदात के बाद वह रविवार सुबह चैनल खुलने से पहले ही बाहर निकल गया। इससे आशंका है कि उसे कॉम्प्लेक्स की व्यवस्था की पहले से जानकारी थी। सीसीटीवी फुटेज में बदमाश कई बार हाथ से अपना चेहरा छिपाते नजर आ रहा है। उसने हाथों में ग्लव्स पहन रखे थे और चेहरे पर मास्क लगा रखा था। इससे पुलिस को आशंका है कि बदमाश अपनी पहचान छिपाने के लिए पूरी तैयारी के साथ आया था। पुलिस आसपास के कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।

Next Post

श्रद्धा-भक्ति से मनाया श्री श्रीचन्द्राचार्य महाराज का प्राकट्योत्सव

Sun Sep 20 , 2026
जबलपुर:माँ वैष्णोदेवी यात्रा सेवा समिति के तत्वावधान में परम पूज्य तपोमूर्ति सद्गुरुदेव बाबा श्री कल्याणदास जी महाराज के सान्निध्य एवं अध्यक्षता में उदासीनाचार्य भगवान श्री श्रीचन्द्रदेव महाराज का 532वां प्राकट्योत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। श्री कल्याणिका तपोवन में धर्मध्वजा आरोहण, पूजन, अरदास, कन्या-पूजन, कन्या-भोज एवं प्रसादी भंडारे […]

You May Like