जबलपुर:माँ वैष्णोदेवी यात्रा सेवा समिति के तत्वावधान में परम पूज्य तपोमूर्ति सद्गुरुदेव बाबा श्री कल्याणदास जी महाराज के सान्निध्य एवं अध्यक्षता में उदासीनाचार्य भगवान श्री श्रीचन्द्रदेव महाराज का 532वां प्राकट्योत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। श्री कल्याणिका तपोवन में धर्मध्वजा आरोहण, पूजन, अरदास, कन्या-पूजन, कन्या-भोज एवं प्रसादी भंडारे का आयोजन हुआ। शाम को मानस भवन, राइट टाउन में भजन संध्या हुई, जिसमें संतों ने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन दिए। जगद्गुरु नरसिंह दास जी ने कहा कि श्री श्रीचन्द्रदेव जी महाराज का जीवन सेवा, त्याग और मानव कल्याण की प्रेरणा देता है, वहीं साध्वी ज्ञानेश्वरी दीदी ने ऐसे आयोजनों को संस्कार और सद्भाव का आधार बताया।
समारोह में परम पूज्य रमेश प्रकाश जगदीश आनंद, स्वामी हर्षो दास महाराज, स्वामी राघव आनंद, स्वामी धोनी दास महाराज और स्वामी राजेश्वरानंद महाराज सहित संतों ने आशीर्वचन दिए। साध्वी मनीषा ने मंगल पाठ किया। कार्यक्रम का संचालन सांवल दास खत्री ने किया और सोनू बचवानी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रत्नेश सोनकर, सांसद आशीष दुबे और प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन सहित श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद श्री कल्याणिका तपोवन के दुर्लभ रुद्राक्ष का प्रसाद स्वरूप वितरण किया गया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों ने सहयोग दिया।
