इंदौर:पुलिस कमिश्नरेट द्वारा एसीपी स्तर पर कार्यों के मासिक मूल्यांकन की शुरुआत की गई है. जनवरी माह के मूल्यांकन परिणाम जारी कर दिए हैं, जिसमें ज़ोन-03 के हीरा नगर अनुभाग के एसीपी ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया है, जबकि ज़ोन-04 के सराफा अनुभाग के एसीपी निर्धारित मापदंडों पर सबसे कमजोर प्रदर्शन के कारण अंतिम स्थान पर रहे.
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में प्रारंभ की गई इस मानकीकृत मूल्यांकन प्रणाली का उद्देश्य पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी, उत्तरदायी और जनोन्मुखी बनाना है. इसके तहत कमिश्नरेट के सभी 12 अनुभागों में पदस्थ एसीपी के कार्यों की समीक्षा विभिन्न पैरामीटर्स पर मासिक आधार पर की जा रही है. मूल्यांकन के दौरान अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों का निराकरण, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, कानून व्यवस्था की स्थिति, जनशिकायतों का समाधान, विशेष अभियानों की प्रगति सहित अन्य प्रशासनिक और मैदानी कार्यों को आधार बनाया.
प्रतिस्पर्धात्मक कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देना उद्देश्य
जनवरी माह की समीक्षा में जोन-03 अंतर्गत हीरा नगर अनुभाग के एसीपी ने समग्र रूप से बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया. वहीं जोन-04 के सराफा अनुभाग के एसीपी निर्धारित मानकों पर अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके और सूची में अंतिम स्थान पर रहे. मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मूल्यांकन प्रणाली से प्रतिस्पर्धात्मक कार्यसंस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और प्रत्येक अधिकारी अपने अनुभाग में अपराध नियंत्रण व जनसेवा को लेकर अधिक सजग और सक्रिय रहेगा. आगामी महीनों में भी इसी तरह नियमित समीक्षा जारी रहेगी.
