
भोपाल। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने शुक्रवार को नगर प्रशासन की गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करते हुए कहा कि राजभवन और मुख्यमंत्री निवास के बीच एक स्थान पर बाणगंगा बस्ती क्षेत्र का सीवेज पानी पेयजल आपूर्ति लाइन में मिल रहा है।
बरोलिया ने बताया कि मौके पर स्थिति स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है, जहां पानी की पाइपलाइन में रिसाव है और वह सीवेज लाइन में आधी डूबी हुई है। आपूर्ति लाइन का दबाव इतना अधिक है कि पानी तेजी से बाहर निकल रहा है, जिससे बड़े स्तर पर जल प्रदूषण की आशंका पैदा हो गई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो भोपाल के नागरिकों को भी वही हालात झेलने पड़ सकते हैं, जिनका सामना आज इंदौर के लोग दूषित पानी के कारण कर रहे हैं।
उन्होंने प्रशासनिक उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निगम आयुक्त को कई बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की, जो गंभीर जनस्वास्थ्य संकट के प्रति लापरवाही को दर्शाता है।
