
जबलपुर। शहर के व्यस्ततम उखरी चौक पर मंगलवार दोपहर रेलवे की परीक्षा देकर अपनी स्कूटी से घर लौट रही एक युवती को तेज रफ्तार स्कूल बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवती सीधे बस के पहिए के नीचे आ गई और उसके ऊपर से भारी-भरकम पहिया गुजर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लॉर्डगंज पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोहलपुर के आनंद नगर निवासी अलका पांडे (28) मंगलवार को रेलवे की परीक्षा देने के लिए भेड़ाघाट स्थित परीक्षा केंद्र गई थीं। दोपहर में परीक्षा समाप्त होने के बाद वह अपनी स्कूटी से वापस घर लौट रही थीं।
इसी दौरान जब वह उखरी चौक से गुजर रही थीं, तभी सामने से आ रही लिटिल वर्ल्ड स्कूल की बस ने अपनी चपेट में ले लिया। बताया जाता है कि बस क्रमांक एमपी 20 पी ए 1092 काफी तेज गति में थी। उखरी चौक के पास बस चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर लगते ही अलका संतुलन खोकर सड़क पर गिर गईं और बस का पहिया उनके सिर व शरीर के ऊपरी हिस्से को रौंदते हुए निकल गया। सिर पर गंभीर चोटें आने के कारण अलका पांडे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
