
जबेरा/दमोह। क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुधवार दोपहर करीब 2 बजे एक रेत से भरे ट्रक को रोककर उसकी जांच की। कार्रवाई एसडीएम सी.जी. गिरी के नेतृत्व में की गई.एसडीएम सी.जी. गिरी ने बताया कि क्षेत्र में लगातार अवैध रेत परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर ट्रक को रोककर उसके दस्तावेजों की जांच की गई.जांच में सामने आया कि ट्रक की निर्धारित क्षमता 15 घन मीटर है, जबकि चालक के पास 22 घन मीटर रेत की रॉयल्टी थी और ट्रक में लगभग 25 घन मीटर रेत का परिवहन किया जा रहा था।
नियमों के उल्लंघन को देखते हुए ट्रक को सुरक्षा की दृष्टि से थाने में खड़ा कराया गया है। प्रशासन द्वारा मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी तहसीलदार राजेश साहू व पटवारी तरुण चौरसिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
