बीएचईएल ने हबीबगंज–बरखेड़ा लिंक रोड पुल का किया लोकार्पण

भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल ने अपनी आधारभूत संरचना को मजबूत करते हुए नवनिर्मित हबीबगंज–बरखेड़ा लिंक रोड पुल का लोकार्पण किया। इस परियोजना से बीएचईएल टाउनशिप में सड़क सुरक्षा बढ़ेगी और यातायात अधिक सुगम एवं व्यवस्थित होगा।

पुल का लोकार्पण बीएचईएल के निदेशक (इंजीनियरिंग, अनुसंधान एवं विकास) एस. एम. रामनाथन ने कार्यकारी निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा परियोजना से जुड़े हितधारक भी मौजूद रहे।

हबीबगंज–बरखेड़ा लिंक रोड बीएचईएल टाउनशिप के प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण आंतरिक मार्ग है। समय के साथ पुरानी पुलिया जर्जर हो गई थी, जिससे ब्लाइंड स्पॉट, तीखे मोड़ और सीमित टर्निंग स्पेस जैसी समस्याएं उत्पन्न हो गई थीं। इससे सड़क सुरक्षा और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी।

इन चुनौतियों के समाधान के लिए बीएचईएल ने पुरानी संरचना के स्थान पर 17 मीटर × 12 मीटर आकार की तीन-सेल प्रबलित सीमेंट कंक्रीट (आरसीसी) बॉक्स कलवर्ट का निर्माण कराया। यह परियोजना मात्र सात माह की रिकॉर्ड अवधि में पूरी की गई, जो बीएचईएल की उत्कृष्ट इंजीनियरिंग क्षमता और प्रभावी परियोजना प्रबंधन का प्रमाण है।

नए पुल से खतरनाक मोड़ों की समस्या समाप्त हो गई है, स्टॉपिंग विज़न डिस्टेंस में सुधार हुआ है तथा सड़क की प्रभावी चौड़ाई 6.2 मीटर से बढ़कर 8.2 मीटर हो गई है। इससे वाहनों की आवाजाही अधिक सुरक्षित, सुचारु और कुशल होगी। इस अवसर पर एस. एम. रामनाथन ने परियोजना से जुड़े अभियंताओं और टीमों की सराहना करते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के साथ कार्य पूरा करना बीएचईएल की कार्यकुशलता तथा आधुनिक एवं सतत आधारभूत संरचना विकसित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Next Post

राज्यभर में आंदोलन छेड़ेंगे आउटसोर्स और अस्थायी कर्मचारी

Sun Jun 28 , 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश के लाखों आउटसोर्स और अस्थायी कर्मचारियों ने बेहतर वेतन, रोजगार सुरक्षा और लंबित मांगों को लेकर राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। ऑल डिपार्टमेंट आउटसोर्स अस्थायी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा की प्रदेश स्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अगले महीने से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया […]

You May Like