रंग लगाने के विवाद में की थी युवक की चाकू मारकर हत्या

इंदौर:भंवरकुआ थाना क्षेत्र में होली के दौरान रंग लगाने की बात पर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया. पुलिस चार आरोपियों की तलाश कर रही है.पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान आदित्य पुत्र जयराम जमरे, निवासी शिव पार्वती नगर के रूप में हुई है. आदित्य एक कंपनी में काम करता था. उसके दोस्तों ने पुलिस को बताया कि घटना के समय आदित्य घर के पास खड़ा था, तभी आरोपी अरुण अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और रंग लगाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. उस समय साथियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था.

करीब 15 मिनट बाद आरोपी अरुण नशे की हालत में दोबारा अपने साथियों के साथ लौटा और आदित्य को पास के मैदान में चलकर बात करने के लिए कहा. वहां पहुंचते ही उसने अपशब्द कहे और चाकू निकालकर आदित्य के सीने में वार कर दिया. गंभीर चोट लगने और अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई. इस मामले में पुलिस अरुण के साथ मयंक धामने, मोहित और दीपेश की भी तलाश कर रही है. बताया जा रहा है कि आरोपी अरुण कोई काम नहीं करता और उसके खिलाफ पहले से आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं. वारदात के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया है. पुलिस ने देर रात दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है

Next Post

बच्चों को लेने जा रहे फाइनेंसकर्मी की सड़क हादसे में मौत

Thu Mar 5 , 2026
इंदौर: मल्हारगंज थाना क्षेत्र के बड़े गणपति इलाके में बुधवार रात एक सड़क हादसे में फाइनेंसकर्मी की मौत हो गई. बच्चों को लेने ससुराल जा रहे युवक की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे […]

You May Like