इंदौर: मल्हारगंज थाना क्षेत्र के बड़े गणपति इलाके में बुधवार रात एक सड़क हादसे में फाइनेंसकर्मी की मौत हो गई. बच्चों को लेने ससुराल जा रहे युवक की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 26 वर्षीय अरुण सोनी पिता तेज बहादुर, निवासी स्कीम नंबर-51 के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि अरुण के दो बच्चे अपनी नानी के घर महेश गाइड लाइन क्षेत्र में थे.
बुधवार रात वह बाइक से उन्हें लेने ससुराल जा रहा था. इसी दौरान बड़े गणपति क्षेत्र में उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. हादसे के बाद अरुण सड़क पर गंभीर हालत में पड़ा था. इसी दौरान वहां से गुजर रही एक थार कार में सवार युवकों ने उसे तुरंत अपनी गाड़ी में बैठाकर शशि नर्सिंग होम पहुंचाया. युवकों ने अरुण के मोबाइल से उसकी सास को फोन कर घटना की जानकारी भी दी. सूचना मिलते ही साला अंकित सहित अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे. निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर अरुण को एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मल्हारगंज पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
