
नामली। क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पारस्परिक किसान उत्पादक सहकारी संस्था मर्यादित (एफपीओ), नामली की संचालक मंडल की बैठक में किसानों की आय बढ़ाने और कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इनमें सबसे अहम निर्णय नामली में लहसुन पाउडर एवं लहसुन पेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने का है।
संस्था अध्यक्ष कीर्ति कुमार जायसवाल ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना की संपूर्ण कागजी प्रक्रिया पूरी कर प्रस्ताव भोपाल भेज दिया गया है। आवश्यक स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। परियोजना के लिए भूमि भी लीज पर ली जा चुकी है। उन्होंने बताया कि नामली क्षेत्र प्रदेश के प्रमुख लहसुन उत्पादक क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान रखता है। प्रोसेसिंग प्लांट शुरू होने के बाद किसानों की उपज का स्थानीय स्तर पर मूल्य संवर्धन होगा, जिससे उन्हें बेहतर दाम मिलेंगे।
साथ ही क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। संस्था की योजना सहकारिता मॉडल के माध्यम से नामली में तैयार लहसुन पाउडर और लहसुन पेस्ट को देश के साथ-साथ विदेशों के बाजारों तक पहुंचाने की है।
बैठक में राष्ट्रीय बीज निगम (एनएससी), नई दिल्ली की अधिकृत डीलरशिप लेने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। इसके माध्यम से आगामी रबी एवं खरीफ सीजन में किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही सदस्य किसानों को उन्नत किस्म के गेहूं एवं चना के प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया। बैठक का संचालन मुख्य कार्यपालन अधिकारी राहुल सूर्यवंशी ने किया।
बैठक में उपाध्यक्ष पुखराज जाट, मोहनलाल वाघेला, संचालक श्रीमती जया राजेश कर्णधार, श्रीमती राधा संजय राठौड़, सुनील उपाध्याय, तूफान सिंह सोनगरा, राजेश परिहार, दिलीप सिंह सोलंकी एवं भीम सिंह राठौर उपस्थित रहे। अंत में संस्था के लेखापाल सूरज चंद्रावत ने सभी का आभार व्यक्त किया।
