
सिंगरौली । कोतवाली क्षेत्र में रेत का अवैध कारोबार जोर पकड़ा है। कथित पुलिस कर्मी जिम्मेदार अधिकारियों को गुमराह कर रेत के खेल में शामिल है। वहीं इसकी शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक षियाज केएम के द्वारा अवैध रेत परिवहन के विरूद्ध कार्यवाही के लिए निर्देशित करने पर थाना प्रभारी बैढन व खनिज विभाग की संयुक्त टीम को अवैध रूप से रेत चोरी कर परिवहन कर रहे 2 ट्रैक्टरों के विरूद्ध कार्यवाही करने में सफलता प्राप्त हुई।
जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ पुलिस एवं खनिज विभाग द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना बैढ़न पुलिस एवं माइनिंग विभाग की संयुक्त टीम ने रेत लोड दो ट्रैक्टर को पकड़कर कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान गनियारी से महेन्द्रा ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 66 जेडके 2989 एवं बिना नंबरी स्वराज ट्रैक्टर को अवैध रेत का परिवहन करते पाये जाने पर दोनों वाहनों को जप्त कर खनिज अधिनियम के अंतर्गत कार्यवाही की गई। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक अभिमन्यु द्विवेदी, सउनि अनुज प्रताप सिंह, प्रआर अनूप मिश्रा एवं खनिज अधिकारी रामसुशील चौरसिया व स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
