ग्वालियर: केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुंगावली में आशा दीदी और आंगनवाड़ी बहनों के समर्पण को नमन किया। यह कार्यक्रम इन कर्मयोगिनियों के सम्मान में आयोजित किया गया था। केन्द्रीय मंत्री ने आशा दीदी और आंगनवाड़ी बहनों को केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के बारे में बताया।
सिंधिया ने मंच पर उपस्थित आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को ‘हर घर की पहली दुआ’ और ‘गाँव में बच्चों के पहले कदमों की मार्गदर्शक’ बताते हुए कहा कि आप हर जीवन के हर पड़ाव पर साथी बन रही हैं। मेरी आशा दीदी सुबह-सुबह नवजात के टीकाकरण का रिमाइंडर देती हैं, और गर्भवती माँ के साथ अस्पताल तक खड़ी रहती हैं। दरअसल मेरी आशा दीदी में त्रिवेणी ईश्वर का संगम है, ये शांति और शक्ति के संगम का प्रतीक हैं। हमारी यह मातृशक्ति ही गाँव की राह में उजाला ले आती है ।
विदित हे कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत इन बहनों को पूरी तरह मुफ़्त में 4 लाख रुपये का बीमा सुरक्षा कवच प्रदान कर रही है। इस पर सिंधिया ने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी जी की संवेदनशील सोच है जो हमारी बहनों के सर पर सुरक्षा की छाया स्वयं दे रहे हैं। केन्द्रीय मंत्री ने इस अवसर पर अपनी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता भी जाहिर की।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार और आपका यह बेटा, हमारे तीनों जिलों की माताओं-बहनों और बेटियों का सुरक्षा कवच है। आपको सुरक्षा देना मेरा कर्तव्य भी है और धर्म भी। इसके साथ ही सिंधिया ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। सिंधिया ने कहा की अगर कांग्रेस की दुष्ट सरकार होती तो ना आशा दीदी का 3500 रुपया होता और ना ही लाडली बहना होती।
