भोपाल, 03 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य में अगले सप्ताह संभावित बजट के पहले आज कहा कि सरकार को लाड़ली बहना योजना में महिलाओं को मिलने वाली राशि में बढ़ेातरी करनी चाहिए।
श्री पटवारी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बीती 10 फरवरी को देवास में कहा था कि अभी लाड़ली बहनों को इस योजना के तहत 1250 रुपए दे रहे हैं, लेकिन धीरे-धीरे कर यह राशि 3000 रुपए होने वाली है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस योजना को लॉन्च हुए दो साल हो चुके हैं, कई बार भारतीय जनता पार्टी सरकार इसकी राशि बढ़ाने की बात कह चुकी है, लेकिन, हर बार यह बात बयान से आगे नहीं बढ़ पाती। भाजपाशासित महाराष्ट्र में महिलाओं को 1500 रुपए और हरियाणा में 2100 रुपए दिए जा रहे हैं। अब दिल्ली में भी 2500 रुपए दिए जाएंगे। जहां भाजपा नहीं है, वहां भी महिलाओं के सम्मान में कमी नहीं है। कर्नाटक में 2000 रुपए, तेलंगाना और झारखंड में 2500 रुपए दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आगामी 10 मार्च से बजट सत्र शुरू हो रहा है। राज्य सरकार को तत्काल तीन हजार रुपए प्रतिमाह के दावे को सच में बदलना चाहिए और लाड़ली बहनाओं की इस सबसे बड़ी मांग को पूरा करना चाहिए।
