तेंदुए ने घर में घुसकर बुजुर्ग पर किया हमला, गंभीर


सीधी : जिले के भुईमाड़ थानांतर्गत ग्राम केशलार में शनिवार तड़के तेंदुए ने घर में घुसकर एक बुजुर्ग के सिर पर हमला कर दिया। बुजुर्ग को गंभीर जख्म के चलते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार रात करीब 2 बजे तेंदुआ अचानक गांव के एक रिहायशी मकान में घुस गया। घर के भीतर मौजूद परिवार के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले तेंदुए ने 62 वर्षीय बुजुर्ग चैनपति बैस पिता शिवप्रसाद बैस पर हमला कर दिया।

हमले में उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं।परिजनों ने बताया कि तेंदुए के घर में घुसते ही चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद परिवार के सदस्य किसी तरह अपनी जान बचाकर घर से बाहर निकले। घायल बुजुर्ग को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भुईमाड़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुशमी रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग के वनरक्षक, स्थानीय पुलिस बल तथा ग्राम पंचायत के सरपंच-सचिव मौके पर पहुंचे।

हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारी कई घंटों तक घटनास्थल पर नहीं पहुंचे और घायल परिवार को तत्काल कोई सहायता भी उपलब्ध नहीं कराई गई। ग्रामीणों के अनुसार तेंदुआ करीब 6 घंटे तक घर के अंदर ही बैठा हुआ है, जिससे गांव में भय का माहौल बना रहा । ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने और प्रभावित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

Next Post

सीजन का सबसे गर्म दिन, तापमान पहुंचा 42.5 डिग्री

Sat Apr 25 , 2026
रीवा: इस सम प्रदेश के साथ जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है, आसमान से आग बरस रही है. मई-जून जैसी गर्मी अप्रैल में ही शुरू है, नौतपा में स्थित और खराब होगी. इस गर्मी के सीजन का अभी तक का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री शुक्रवार को दर्ज […]

You May Like