कोलकाता, 07 मई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया है कि उनके करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की कई दिनों तक निगरानी रखने के बाद एक सुनियोजित हमले में बेरहमी से हत्या कर दी गयी। श्री अधिकारी ने बुधवार रात मध्यमग्राम के एक अस्पताल के बाहर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार के साथ यह आरोप लगाया। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “मैं अभी कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता, लेकिन मेरा मानना है कि इस हत्या के पीछे कुछ राजनीतिक कारण हो सकते हैं। पुलिस अपनी जांच कर रही है और मुझे उन पर पूरा भरोसा है।”
उन्होंने कहा, “मैंने पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक सिद्धनाथ गुप्ता से बात की है और सीसीटीवी फुटेज की जाँच के बाद कुछ अहम सुराग मिले हैं। हमें उम्मीद है कि हत्यारे जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएँगे।” श्री अधिकारी ने कहा कि उनकी पार्टी ने निष्पक्ष जाँच के लिए जान-बूझकर पुलिस से फुटेज का ब्योरा नहीं माँगा है। उन्होंने कहा, “हम पुलिस की जाँच पर भरोसा कर रहे हैं। हमें भरोसा दिलाया गया है कि दोषी जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएँगे।”
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की कि वे कानून अपने हाथ में न लें और शांति बनाए रखें। राज्य में राजनीतिक हिंसा का माहौल लगातार बने रहने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता ने कहा, “पिछले 15 सालों से राज्य में बदले की राजनीति चल रही है। बुधवार को ही खरदह में भाजपा कार्यकर्ताओं पर बमों से, बारानगर में चाकुओं से और बशीरहाट में गोलीबारी की घटनाओं में हमले किए गए।” गौरतलब है कि श्री अधिकारी के करीबी माने जाने वाले चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात मध्यमग्राम के दोहरिया में गोली मारकर हत्या कर दी गयी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कुछ अज्ञात हमलावर मोटरसाइकिलों पर आए और रथ को ले जा रहे वाहन पर गोलीबारी कर दी।
हमले की खबर मिलने के कुछ ही देर बाद आधी रात के बाद श्री अधिकारी अस्पताल पहुँचे। राज्य इकाई के भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी अस्पताल गए। श्री गुप्ता बाद में घटनास्थल पर पहुँचे और पत्रकारों से बात करने से पहले नेताओं से मिले। उन्होंने कहा, “जाँच पहले ही शुरू हो चुकी है। अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई एक चार-पहिया गाड़ी ज़ब्त कर ली गई है। पंजीकरण संख्या के अनुसार, गाड़ी सिलीगुड़ी की लग रही है, हालाँकि हमें शक है कि नंबर प्लेट नकली हो सकती है।” उन्होंने कहा, “कुछ गोलियाँ और इस्तेमाल किए गए कारतूस भी बरामद किए गए हैं। जाँच के बारे में मैं इस समय और ज़्यादा जानकारी नहीं दे सकता।” पुलिस सूत्रों ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज की अभी जाँच की जा रही है और पहली प्राथमिकता हत्या में शामिल लोगों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार करना है।

