रीवा: इस सम प्रदेश के साथ जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है, आसमान से आग बरस रही है. मई-जून जैसी गर्मी अप्रैल में ही शुरू है, नौतपा में स्थित और खराब होगी. इस गर्मी के सीजन का अभी तक का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री शुक्रवार को दर्ज किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है. वही 24 घंटे के अंदर रात का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री से खिसक कर 20 डिग्री पहुंच गया है.हालाकि अभी रात में गर्मी का असर कम है लेकिन जैसे ही तापमान 25 के ऊपर पहुंचेगा रात में भी गर्मी का असर शुरू हो जाएगा. दस किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाए चल रही है समूचा जिला लू के चपेट में है.
सुबह 8 बजे के बाद से तेज धूप शुरू हो जाती है और दोपहर सडक़ो पर सन्नाटा रहता है. शाम के बाद खरीददारी के लिये लोग बाहर निकल रहे है. किसी को उम्मीद नही थी कि अप्रैल में इस तरह से गर्मी पड़ेगी. आने वाले दिनो में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच जाएगा. प्रदेश के अन्य जिलो में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच चुका है. भीषण गर्मी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है. मौसमी बीमारी के चलते अस्पताल में मरीजो की संख्या तेजी से बढ़ रही है. संजय गांधी एवं जिला चिकित्सालय में बेड़ भरे हुए है. उल्टी, दस्त, बुखार एवं पीलिया से ग्रसित मरीज अस्पताल पहुंच रहे है. प्रतिदिन ओपीडी में 2 हजार से 22 सौ मरीज पहुंचते है जिसमें से लगभग तीन सौ मरीज प्रतिदिन भर्ती हो रहे है. इसी तरह सुपर अस्पताल में भी हृदय रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. भीषण गर्मी एवं खानपान में परहेज न करने के चलते लोग बीमारी की चपेट में आ रहे है. अभी आने वाले दिनो में गर्मी अपना और असर दिखाएगी.
घर से निकलते समय धूप और लू से बचाव के उपाय करें
जिले में एक सप्ताह से तेज धूप होने से सुबह 10 बजे से ही गर्म हवाएं चलने लगती हैं. जिसके कारण लू लगने की आशंका बढ़ गई है. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यत्नेश त्रिपाठी ने आमजनों को लू से बचाव की सलाह दी है. उन्होंने कहा है कि लू से बचने के लिए जन सामान्य ज्यादा समय तक घर पर ही रहें. जिले में पिछले एक सप्ताह से तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है. दिन में 10 बजे के बाद गर्म हवाओं का प्रकोप हो जाता है. आमजन अति आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकले. जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलते समय पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं. खाली पेट घर से बाहर न जायें. इससे लू लगने का खतरा बढ़ जाता है. दिन में कम से कम 12 से 15 गिलास पानी जरूर पियें. लू से बचाव के लिए देशी घरेलू उपाय अपनाएं. बाहर निकलते समय सूती कपड़े से चेहरा और सर ढककर रखें.
