सीधी : कहते हैं विकास की पहली शर्त बुनियादी सुविधाएं होती हैं लेकिन जिला मुख्यालय सीधी से सटी दुर्दशा की शिकार आदर्श कॉलोनी नगरपालिका सीधी और ग्राम पंचायत पडै़निया का साझा क्षेत्र में स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। विकास के दावों के बीच यह कॉलोनी आज अपनी बदहाली पर आंसू रो रही है। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की घोर उपेक्षा के कारण यहां के रहवासी पक्की सडक़, व्यवस्थित नाली और जल निकासी की गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह कॉलोनी नगरपालिका सीधी और ग्राम पंचायत पडैनिया के सीमा क्षेत्र में आती है। जब भी विकास कार्यों की मांग की जाती है तो नगरपालिका इसे पंचायत का क्षेत्र बताकर पल्ला झाड़ लेती है और पंचायत बजट का रोना रोती है। दो निकायों के इस फेर में कॉलोनी का विकास पूरी तरह ठप पड़ा है। वर्तमान में कॉलोनी में जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। स्थिति यह है कि हल्की सी बारिश होते ही पूरी सडक़ कीचड़ में तब्दील हो जाती है। घरों से निकलने वाला गंदा पानी सडक़ों पर जमा हो रहा है जिससे संक्रमण और बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
कीचडय़ुक्त सडक़ में बना रहता है हादसे का डर
सडक़ निर्माण न होने और मिट्टी-मुरुम की वजह से बारिश के दिनों में राहगीरों और वाहन चालकों का निकलना दूभर हो गया है। कॉलोनी की मुख्य सडक़ पर आए दिन दोपहिया वाहन फिसल रहे हैं जिससे वृद्धों, महिलाओं और स्कूली बच्चों के चोटिल होने का खतरा लगातार बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय अंधेरे में इस कीचडय़ुक्त सडक़ से गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं है।
इनका कहना है
चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाले नेता और जनप्रतिनिधि जीतने के बाद कॉलोनी की तरफ मुडक़र भी नहीं देखते। सडक़, नाली और पानी निकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भी तरस रहे हैं। कई बार अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया गया लेकिन नगर पालिका और पंचायत दोनों ही जिम्मेदारी लेने से बच रहे हैं। अगर जल्द ही पक्की सडक़ और नाली का निर्माण नहीं हुआ तो स्थानीय निवासी मजबूरन कोई ठोस कदम उठाना पड़ेगा।
राजेन्द्र सिंह चौहान, निवासी आदर्श कालोनी सीधी
कॉलोनी में पक्की नाली और व्यवस्थित पानी निकासी ड्रेनेज सिस्टम का कोई इंतजाम नहीं है। इसका सीधा नतीजा यह हो रहा है कि घरों का इस्तेमाल किया हुआ गंदा पानी और बारिश का पानी सडक़ों तथा खाली पड़े प्लॉटों में महीनों तक जमा रहता है। स्थिर पानी में मच्छरों का प्रकोप अत्यधिक बढ़ गया है जिससे मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी जानलेवा बीमारियों का खतरा हर वक्त कॉलोनी के परिवारों, विशेषकर छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर मंडराता रहता है।
विकास शर्मा, निवासी आदर्श कॉलोनी सीधी
ग्राम पंचायत पडै़निया में विकसित आदर्श कालोनी में पूर्व में तत्कालीन सरपंच द्वारा सडक़ में मिट्टी और मुरुमीकरण सहित नाली निर्माण कार्य किया गया था। अब वहां समस्या है पक्की सडक़ और अधूरी बनी नाली निर्माण का कार्य पूरा करने का। लेकिन वर्तमान में पंचायत के पास इतना बजट नही है कि कार्य कराया जा सके। यदि खनिज प्रतिष्ठान या फिर सांसद-विधायक मद से राशि मिले तो कार्य कराया जा सकता है। जहां तक पानी निकासी की समस्या है तो इसमें प्रशासन के हस्तक्षेप की आवश्यकता है जो राजस्व अमले से पूर्व के नक्शे में चिन्हित नाले से पानी निकासी का रास्ता अतिक्रमण से मुक्त कराये।
अश्विनी सिंह परिहार, सरपंच ग्राम पंचायत पड़ैनिया
आदर्श कालोनी का शुरुआती हिस्सा नगरपालिका परिषद सीधी के क्षेत्रांतर्गत है। नपा की सीमा तक पूर्व में सडक़ निर्माण का टेंडर हुआ था लेकिन कतिपय कारणों से निविदाकार द्वारा कार्य नही किया गया। अब परिषद की अगली बैठक में नपा वार्ड 20 सीमा अंतर्गत आदर्श कालोनी में मुख्य मार्ग से अंदर मार्ग में दोनों तरफ नाली निर्माण एवं दोनों तरफ पेव्हर ब्लाक का प्रस्ताव रखकर निविदा करा जल्द कार्य शुरु किया जायेगा। जहां तक बात सडक़ निर्माण की है सडक़ का पुन: टेंडर कराया जायेगा।
बाबूलाल कुशवाहा, पार्षद वार्ड क्रमांक 20 नपा सीधी
