सिंगरौली: थाना जियावन पुलिस ने एक गंभीर महिला संबंधी अपराध का खुलासा करते हुए युवती का अपहरण कर उसे विभिन्न राज्यों में ले जाकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की तकनीकी जांच और साइबर सेल की मदद से पीड़िता को सकुशल बरामद कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल पचोर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 29 मई 2026 को पीड़िता कॉलेज में परीक्षा देकर बाहर निकली थी, तभी आरोपी रवि कुशवाहा पिता दादूलाल कुशवाहा, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम धनहा, थाना जियावन, जिला सिंगरौली ने उसे धमकाकर जबरन कार में बैठा लिया और अपहरण कर फरार हो गया। उसी दिन पीड़िता के पिता ने थाना जियावन में पुत्री के लापता होने की सूचना दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर सेल के सहयोग से तकनीकी निगरानी शुरू की।
जांच में पता चला कि आरोपी पीड़िता को सतना, रीवा, सीधी, शहडोल, बिलासपुर, विशाखापट्टनम होते हुए तिरुअनंतपुरम (केरल) ले गया, जहां उसे बंधक बनाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध कई बार दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने पीड़िता को सकुशल बरामद कर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
