इंदौर:शहर में पुलिस महकमे ने सोमवार को बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए 65 पुलिसकर्मियों के तबादले कर दिए. इनमें 41 कांस्टेबल तथा 24 एसआई, एएसआई, हेड कांस्टेबल और अन्य शामिल हैं. यह सभी कर्मचारी लंबे समय से थानों या कार्यालयों में पदस्थ थे और तीन वर्ष से अधिक समय हो चुका था.पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इन तबादलों की सूची उन 90 पुलिसकर्मियों पर केंद्रित रही, जिन पर विभागीय जांच, अनुशासनहीनता, भ्रष्टाचार या अन्य शिकायतें दर्ज हैं.
इससे पहले 17 पुलिसकर्मियों को थाने से हटाकर सीधे डीआरपी लाइन अटैच किया जा चुका है. इस तरह अब तक 85 पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण किए जा चुके हैं. डीएसपी मुख्यालय प्रकाश परिहार द्वारा जारी की गई दो अलग-अलग सूचियों के अनुसार, इन सभी को विभिन्न थानों व इकाइयों में स्थानांतरित किया है. कई पुलिसकर्मियों पर लंबे समय से शिकायतें लंबित थीं, जबकि कुछ के खिलाफ विभागीय जांच भी चल रही है.
वहीं, कुछ मामलों में कोर्ट से क्लीन चिट मिलने या शिकायत सिद्ध न हो पाने के चलते कुछ नाम फिलहाल तबादला सूची से बाहर रखे गए हैं. इस बीच, विभागीय कार्रवाई को लेकर खुद महकमे के भीतर से ही सवाल उठने लगे हैं. कुछ टीआई, एसीपी और डीसीपी स्तर के अधिकारियों पर भी पारदर्शिता की अनदेखी करने के आरोप लगाए जा रहे हैं. सूत्र बताते हैं कि कार्रवाई की प्रक्रिया में कथित पक्षपात को लेकर अंदरखाने असंतोष भी देखा जा रहा है.
