भोपाल: मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता मुकेश नायक ने आज अपना इस्तीफा वापस लेते हुए पुनः संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय होने की घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस एक जीवंत राजनीतिक दल है, जहां समय-समय पर मतभेद और गतिरोध उत्पन्न होते हैं, लेकिन संवाद और विचार-विमर्श से उनका समाधान भी हो जाता है।
मुकेश नायक ने कहा कि वे पिछले 25 वर्षों से पार्टी से जुड़े हैं और इस दौरान उन्होंने देखा है कि हर राजनीतिक दल में वैचारिक मतभेद होते हैं।
हाल ही में आयोजित प्रबंधन समिति की बैठक में अपने भाषण के दौरान उन्होंने पार्टी में नए और पुराने पीढ़ी के नेताओं के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता पर जोर दिया था। उन्होंने यह भी कहा था कि संगठन को मजबूत करने के लिए नए कार्यकर्ताओं को अवसर मिलना चाहिए और इसके लिए वरिष्ठ नेताओं को मार्गदर्शक की भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि उनके उसी वक्तव्य को आधार बनाकर इस्तीफा दिया गया था, लेकिन अब वरिष्ठ नेतृत्व से चर्चा के बाद सभी गलतफहमियां दूर हो गई हैं। मुकेश नायक ने कहा कि वे कांग्रेस की विचारधारा और नेतृत्व के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और संगठन को सशक्त बनाने के लिए पहले की तरह पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे।
