जबलपुर: नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाले सभी थानों के थाना प्रभारियों और पुलिस बल के अथक परिश्रम को सम्मानित करने के लिए मानस भवन में तृतीय पुलिस सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। माँ नर्मदा वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू उपस्थित रहे। इस अवसर पर कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनता की सुरक्षा में चौबीसों घंटे तैनात रहने वाले जांबाज पुलिसकर्मियों का हौंसला बढ़ाया गया।
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम सीमा के सभी थाना प्रभारियों सहित उत्कृष्ट कार्य करने वाले 52 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। सम्मान स्वरूप सभी को 5-5 हजार रुपये के गिफ्ट वाउचर और प्रशस्ति पत्र भेंट किए गए। इस दौरान सम्मान पाकर पुलिसकर्मियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने इस सराहना के लिए आभार व्यक्त किया।
ये सम्मान छोटी सी कृतज्ञता है: महापौर
मुख्य अतिथि महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस विभाग के हमारे साथी त्यौहार हो या कोई संकट, हमेशा अपने परिवार को छोड़कर हमारी सुरक्षा के लिए डटे रहते हैं। उनका यह सम्मान उनके इसी निस्वार्थ सेवा भाव के प्रति पूरे शहर की ओर से एक छोटी सी कृतज्ञता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में एम.आई.सी. सदस्य रजनी कैलाश , अंशुल राघवेंद्र यादव ,पार्षद अंजना मनीष अग्रहरि और माँ नर्मदा वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारियों की सराहनीय भूमिका रही। इस दौरान प्रमुख रूप से महेश, बृजेन्द्र मेवारी, वीरेन्द्र यादव, एएसपी सूर्यकांत शर्मा, ऋषि अग्रवाल और मंजूशा श्रीवास्तव सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक और समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी ने एक सुर में पुलिस प्रशासन के कार्यों की सराहना की और इस तरह के आयोजनों को पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने के लिए बेहद जरूरी बताया।
