
होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर जिले में नगर परिषद चुनाव से पहले मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए कथित तौर पर शराब बांटने और विरोध करने वालों पर हमला करने के मामले में पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो महिला उम्मीदवारों समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि इस संबंध में गढ़शंकर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, जन प्रतिनिधित्व अधिनियम और आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अब तक हालांकि किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरोपियों की पहचान पहलवाल निवासी अभिषेक, बिरमापुर निवासी आलम, गढ़शंकर निवासी राकेश कुमार उर्फ नीतू, वार्ड नंबर पांच से भाजपा उम्मीदवार जोगिंदर कौर और वार्ड नंबर तीन से भाजपा उम्मीदवार विजय कुमारी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 26 मई की रात करीब एक बजे की है, जब गढ़शंकर नगर परिषद चुनाव के मतदान से कुछ घंटे पहले पुडा कॉलोनी इलाके में दो संदिग्ध गाड़ियां खड़ी देखी गयीं। अंबेडकर नगर निवासी कृपाल राम और उनके भतीजे सुखप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि गाड़ियों में मौजूद लोग वोटरों को शराब बांट रहे थे। वाहनों पर भाजपा के झंडे लगे हुए थे और अंदर से मतदाता सूचियां एवं चुनाव प्रचार सामग्री भी मिली, जिससे मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश का संदेह हुआ। कृपाल राम ने जब इसका विरोध किया तो अभिषेक और राकेश कुमार कथित तौर पर भड़क गये। आरोप है कि उनके कहने पर एक अन्य व्यक्ति ने सुखप्रीत सिंह पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हंगामा होने पर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गये, जिसके बाद आरोपी अपनी गाड़ियां छोड़कर फरार हो गये।
पुलिस ने मौके से एक ऑल्टो कार और एक हुंडई क्रेटा को कब्जे में लिया है। तलाशी के दौरान वाहनों से शराब की कई बोतलें और एक दोधारी तेजधार हथियार बरामद हुआ। बरामद शराब में आठ बोतल सिग्नेचर व्हिस्की, तीन बोतल रॉयल स्टैग, 23 बोतल मैकडॉवेल्स, 13 बोतल राजधानी व्हिस्की और आठ बोतल बीयर शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
