परासिया: शासकीय प्राथमिक शाला देवरीढाना में शराब के नशे में पहुंचकर बच्चों को घर भेजने और स्कूल परिसर में सो जाने के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने सहायक शिक्षक गणेश सिंह इनवाती को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को संकुल प्राचार्य शासकीय उमावि रावनवाड़ा के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान शिक्षक स्कूल में अनुपस्थित मिले। ग्रामवासियों, प्रधानाध्यापक और शिक्षकों ने बताया कि शिक्षक सुबह करीब 9:30 बजे शराब के नशे में स्कूल पहुंचे थे।
आरोप है कि उन्होंने बच्चों को घर जाने का निर्देश दिया और स्कूल में ही सो गए। इस दौरान उनका वीडियो भी वायरल हुआ, जिसके बाद वे करीब एक घंटे बाद स्कूल से चले गए।जांच प्रतिवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि ग्रामीणों ने पहले भी शिक्षक को शराब पीकर स्कूल नहीं आने की समझाइश दी थी, लेकिन उनके व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। छात्रों ने भी जांच अधिकारियों को बताया कि शिक्षक अक्सर शराब के नशे में स्कूल आते थे।अगले दिन 10 जुलाई को जनशिक्षा केंद्र रावनवाड़ा द्वारा दोबारा जांच की गई, जिसमें शिक्षक स्कूल नहीं पहुंचे। उन्होंने व्हाट्सएप समूह में अवकाश आवेदन भेजा था।
जिला शिक्षा अधिकारी ने माना कि शिक्षक का यह आचरण मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 एवं 23 का उल्लंघन है और यह गंभीर कदाचार की श्रेणी में आता है। इसके चलते मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियम, 1966 के नियम 9(1) के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।निलंबन अवधि के दौरान गणेश सिंह इनवाती का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, परासिया निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
