लापता बच्चियों के परिवारों को साइबर ठग बना रहे शिकार, लोकेशन बताने के नाम पर मांग रहे पैसे

भोपाल :बच्ची के अचानक लापता होने के सदमे से जूझ रहे परिवारों को अब साइबर ठग भी निशाना बनाने लगे हैं गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होते ही कई मामलों में परिजनों के मोबाइल पर संदिग्ध कॉल पहुंच रहे हैं. कॉल करने वाले लापता बच्ची का नाम और उससे जुड़ी कुछ निजी जानकारियां बताकर पहले परिवार का विश्वास हासिल करते हैं. इसके बाद बच्ची के बारे में जानकारी देने या उसे सुरक्षित बरामद कराने का दावा करते हुए पैसों की मांग करने लगते हैं. इन घटनाओं ने पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है. पुलिस को जहां एक ओर लापता बच्चियों की तलाश करनी है, वहीं दूसरी ओर पीडि़त परिवारों को साइबर ठगी से बचाना भी जरूरी हो गया है. सवाल यह भी उठ रहा है कि गुमशुदगी की जानकारी साइबर ठगों तक कैसे पहुंच रही है.
मामला दर्ज होने केआधे घंटे बाद आया ठग का फोन
6 अगस्त को एमपी नगर थाना क्षेत्र के साढ़े 6 नंबर इलाके में रहने वाली आठवीं कक्षा की छात्रा की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी. रिपोर्ट दर्ज होने के करीब आधे घंटे बाद ही छात्रा के पिता के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आया. कॉल करने वाले व्यक्ति ने दावा किया कि बच्ची ताज होटल में सुरक्षित है. उसने बच्ची को वापस पहुंचाने के नाम पर 25 हजार रुपये की मांग की. शक होने पर परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. नंबर की जांच में पता चला कि कॉल साइबर ठग की ओर से किया गया था. इधर, पुलिस की तलाश के दौरान बच्ची घर के पास ही एक खंडहर में फांसी के फंदे पर लटकी मिली. घटना के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गुमशुदगी की जानकारी ठगों तक कैसे पहुंची. इसी तरह दूसरा मामला सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना से लापता हुई 21 वर्षीय युवती के परिजन के पास साइबर ठगों के फोन आ रहे हैं। वह फोन कर 50 हजार से 1 लाख रुपए तक की मांग कर रहे हैं.
इनका कहना है…
ऐसे संदिग्ध फोन आने पर घबराएं नहीं और ठगों को कोई पैसा न दें. कॉल करने वाले नंबर, चैट, ऑडियो रिकॉर्डिंग और पैसों की मांग से जुड़ी जानकारी सुरक्षित रखें और तुरंत पुलिस को उपलब्ध कराएं. ताकि मामले की जांच की जा सके.
– अखिल पटेल, डीसीपी, क्राइम ब्रांच, भोपाल

Next Post

एक करोड़ की ठगी के बाद अब बैंक खातों की जांच, आरोपी का बेटा भी रडार पर

Mon Aug 10 , 2026
इंदौर: डीलरशिप दिलाने के नाम पर एक करोड़ रुपए की ठगी के मामले में 74 वर्षीय आरोपी को जेल भेजने के बाद क्राइम ब्रांच ने अब रकम के लेनदेन की पड़ताल शुरू कर दी है. टीम आरोपी और उसके सहयोगियों के बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है. जांच का […]

You May Like