
मंदसौर। “ड्रग फ्री मध्यप्रदेश” अभियान के तहत मंदसौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बाजखेड़ी में अवैध रूप से संचालित एमडी (MD) ड्रग निर्माण फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 13 किलो 850 ग्राम एमडी ड्रग तथा 9 किलो 109 ग्राम रासायनिक पदार्थ सहित ड्रग निर्माण में प्रयुक्त विभिन्न उपकरण जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में थाना नई आबादी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों सदाकत खान (41) निवासी अरोरा कॉलोनी, मंदसौर तथा आरिफ अजमेरी (33) निवासी अरनिया निजामुद्दीन को गिरफ्तार किया है। वहीं ताहिर अजमेरी निवासी बाजखेड़ी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना नई आबादी में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में ड्रग्स निर्माण एवं तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी सामने आई है, जिसके आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।
