सतना : तत्कालीन सीएमएचओ डॉ. एल के तिवारी की सेवा निवृत्ति के पखवाड़े भर बाद डॉ. मनोज शुक्ला को जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी का प्रभार सौंपे जाने से संबंधित आदेश बुधवार को जारी हो गया.संचालनालय लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा भोपाल में बतौर वरिष्ठ संयुक्त संचालक विज्ञप्त लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा डॉ. राजू निदारिया द्वारा बुधवार को आदेश जारी करते हुए प्रशासकीय कार्य सुविधा की दृष्टि से डॉ. मनोज शुक्ला को सतना जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के प्रभार में पदस्थ कर दिया गया.
जारी आदेश में इस बात का स्पष्ट उल्लेख किया गया कि ततकल प्रभाव से आगामी आदेश तक डॉ. शुक्ला सीएमएचओ बने रहेंगे. गौरतलब है कि तत्कालीन सीएमएचओ डॉ. एल के तिवारी नवंबर माह में सेवानिवृत्त हो गए थे. लिहाजा जिला चिकित्सालय में सिविल सर्जन सह मुख्य अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल रहे डॉ. मनोज शुक्ला को सीएमएचओ का प्रभार भी सौंप दिया गया था. तब से लेकर डॉ. शुक्ला द्वारा सिविल सर्जन के साथ-साथ सीएमएचओ की जिम्मेदारी भी संभाली जा रही थी. इसी कड़ी में बुधवार को आदेश जारी करते हुए जिला चिकित्सालय में बतौर ईएलटी विशेषज्ञ पदस्थ डॉ. अमर सिंह को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक के लिए सिविल सर्जन सह मुख्य अधीक्षक का प्रभार सौंप दिया गया
