सतना:सतना शहर और मैहर जिले के अमरपाटन में आटो में महिलाओं के जेवर-नकदी चुराने की घटनाओं ने आमजन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए. एक ओर जहां आटो में बैठी महिला का मंगलसूत्र काट लिया गया वहीं दूसरी ओर आटो में बैठी महिला का झोला काटकर उसमें रखे 30 हजार रु चुरा लिए गए. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक महिला सतना में रहने वाली अपनी बहन के यहां निमंत्रण पर आई हुई थीं. बुधवार को वे शहर के सर्किट हाउस चौक से मुख्त्यारगंज की ओर जाने वाले एक आटो में बैठ गईं. महिला के अनुसार आटो में उनके बगल में भी एक महिला बैठी हुई थी. कुछ देर बाद वह महिला आटो से उतर गई. जिसके बाद जब उनका हाथ अपने गले पर गया तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.
उन्होंने देखा कि उनके मंगलसूत्र का लाकेट गायब हो चुका है. लिहाजा महिला को यह समझते देर न लगी कि आटो में बैठी दूसरी महिला ने उनके मंगलसूत्र का लाकेट काट लिया और बीच रास्ते में उतरकर कहीं चली गई. घटना से बुरी तरह परेशान महिला ने आटो से उतरकर वहां पर मौजूद लोगों से संदिग्ध महिला के बारे में पूछताछ करनी शुरु की. लेकिन कोई मदद नहीं मिलने पर वे मामले की शिकायत करने के लिए कोतवाली की ओर चली गईं.
झोला काटा निकाले रुपए
मैहर जिले के अमरपाटन में स्थित एसबीआई ब्रांच से अपने पिताजी के खाते से रुपए निकालने के बाद महिला आटो में बैठ गई. आटो में दो महिलाएं पहले से बैठी हुई थीं. बताया गया कि महज कुछ दूरी तय करने के बाद ही दोनों महिलाएं आटो उतर गईं. वहीं जब महिला ने अपना झोला देखा तो वह कटा हुआ दिखाई दिया. तलाशी लिए जाने पर झोले में रखे 30 हजार रु गायब हो चुके थे. घटना से हैरान परेशान महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत की. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है
