इटारसी। शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए नगरपालिका ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अमृत 2.0 योजना के तहत शहर के दो प्रमुख स्थानों पर पुरानी और जर्जर पानी की टंकियों को हटाकर अधिक क्षमता वाली नई टंकियों का निर्माण किया जा रहा है। इसी क्रम में पीपल मोहल्ला में करीब 1 करोड़ रुपए की लागत से बन रही नई पानी की टंकी का निरीक्षण नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे और सीएमओ रितु मेहरा ने किया।
निरीक्षण के दौरान एई मीनाक्षी चौधरी, उपयंत्री आदित्य पांडे और पार्षद पुत्र आकाश यादव भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी देते हुए इसे निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने बताया कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद शहर की जल भंडारण क्षमता में 11 लाख लीटर की बढ़ोतरी होगी, जिससे आने वाले वर्षों में बढ़ती आबादी और पानी की मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी। यह योजना अगले 20–25 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
उन्होंने बताया कि तवा नदी क्षेत्र में नए ट्यूबवेल, धोखेड़ा से बिछ रही पाइपलाइन और नई टंकियों के निर्माण से इटारसी में जल संकट की समस्या काफी हद तक दूर होगी।
पीपल मोहल्ला में 40 प्रतिशत क्षेत्र को मिलेगा लाभ
पीपल मोहल्ला में स्थित 12 लाख लीटर क्षमता की पुरानी टंकी जर्जर हो चुकी थी। इसके स्थान पर अब 20 लाख लीटर क्षमता की नई टंकी बनाई जा रही है। इस टंकी से पुरानी इटारसी के करीब 40 प्रतिशत हिस्से, मुख्य बाजार और आसपास के क्षेत्रों में पानी की सप्लाई होती है। नई टंकी बनने से इन क्षेत्रों में पानी का प्रेशर बढ़ेगा और सप्लाई अधिक सुचारु होगी।
वहीं प्रकाश उद्यान स्थित न्यास कॉलोनी में 2 लाख लीटर क्षमता की पुरानी टंकी की जगह 5 लाख लीटर क्षमता की नई टंकी बनाई जा रही है। यह टंकी पूरी न्यास कॉलोनी की जलापूर्ति का मुख्य केंद्र है। नई टंकी चालू होने के बाद ही पुरानी टंकी हटाई जाएगी, ताकि जल आपूर्ति प्रभावित न हो।
इस परियोजना के पूरा होने पर शहर की कुल जल भंडारण क्षमता 14 लाख लीटर से बढ़कर 25 लाख लीटर हो जाएगी, जिससे 11 लाख लीटर का अतिरिक्त लाभ मिलेगा।
