भिंड: जिले में अवैध रेत परिवहन रोकने के लिए खनिज विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर रेत का अवैध परिवहन करते हुए तीन ट्रैक्टर पकड़े। इनमें दो ट्रैक्टर लहार क्षेत्र के मटियावली से रेत लेकर मिहोना की ओर जा रहे थे, जबकि एक ट्रैक्टर मेहगांव क्षेत्र में पकड़ा गया। टीम ने तीनों वाहनों को जब्त कर संबंधित थानों में खड़ा कराया है। सभी मामलों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग की टीम को लहार, मिहोना और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रेत परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने रात में पेट्रोलिंग शुरू की। अटेर क्षेत्र से गश्त करते हुए टीम लहार क्षेत्र के मटियावली पहुंची। यहां रावतपुरा सानी के पास दो ट्रैक्टर रेत का अवैध परिवहन करते मिले। दोनों ट्रैक्टर मटियावली से रेत लेकर मिहोना की ओर जा रहे थे। टीम ने दोनों वाहनों को रोककर जब्त किया और संबंधित थाने में खड़ा कराया।मेहगांव क्षेत्र में भी खनिज विभाग की टीम ने पेट्रोलिंग के दौरान एक ट्रैक्टर को अवैध रेत का परिवहन करते हुए पकड़ा। टीम ने मौके पर वाहन जब्त किया और उसे मेहगांव थाने में खड़ा कराया।
