
भोपाल। प्रदेश में किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं विधायक कुणाल चौधरी ने आरोप लगाया कि फसल खरीदी, उर्वरक उपलब्धता और कृषि कल्याण योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीर लापरवाही के कारण किसान भारी संकट का सामना कर रहे हैं।
भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कुणाल चौधरी ने कहा कि प्रदेश में लगभग 20 लाख मीट्रिक टन मूंग उत्पादन का अनुमान होने के बावजूद सरकार ने केवल 4.5 लाख मीट्रिक टन खरीदी का लक्ष्य तय किया और अब तक मात्र 36,682 मीट्रिक टन मूंग की ही खरीदी हो सकी है। उनका आरोप था कि खरीदी की धीमी गति के कारण किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम दाम पर अपनी उपज बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गेहूं उत्पादकों को अपेक्षित बोनस नहीं मिला, जबकि मक्का और केला उत्पादकों को कम बाजार भाव और फसल नुकसान के कारण भारी आर्थिक हानि उठानी पड़ी। साथ ही किसानों को यूरिया प्राप्त करने के लिए महंगे उर्वरक खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है। फसल बीमा योजना को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इसका सबसे अधिक लाभ बीमा कंपनियों को मिल रहा है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि समर्थन मूल्य पर पूरी मूंग खरीदी सुनिश्चित नहीं की गई तो पार्टी किसान संगठनों के साथ मिलकर प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। इस दौरान पार्टी प्रवक्ता राहुल राज ने भी आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए भोपाल आ रहे किसानों को प्रशासन द्वारा रोका जा रहा है और सरकार से किसानों के साथ संवाद स्थापित करने की मांग की।
