तेहरान, 24 फरवरी (वार्ता) ईरान के इस्फहान प्रांत में मंगलवार सुबह सेना का एक हेलीकॉप्टर फल और सब्जी मंडी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे चार लोगों की मौत हो गई। अर्ध-सरकारी संवाद समिति फार्स ने यह जानकारी दी है। रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय समयानुसार सुबह 9:09 बजे विमान बाजार के स्टाल से टकराया, जिससे पायलट, सह-पायलट और दो विक्रेताओं की मौत हो गई।
प्रांतीय आपातकालीन चिकित्सा सेवा संगठन के प्रमुख अली नसीरी के हवाले से फार्स ने बताया कि घटना के तुरंत बाद चार एम्बुलेंस मौके पर भेजी गईं। इस्फहान के संकट प्रबंधन विभाग के महानिदेशक मंसूर शिशेफरोश ने आधिकारिक संवाद समिति इरना को बताया कि यह घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई है।

