कांग्रेस का निंदा प्रस्ताव आंदोलन 30 को ब्यावरा में होगा 

ब्यावरा। प्रजातांत्रिक मूल्यों का हनन करने, कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं को टारगेट करने तथा विभिन्न मुद्दो, समस्याओं एवं मांगो को लेकर आगामी 30 अक्टूबर को ब्यावरा में व्यापक स्तर पर आंदोलन, सभा के माध्यम से कांग्रेस पार्टी द्वारा सरकार एवं प्रशासन के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित किया जाएगा.

सोमवार को स्थानीय वल्लभा परिसर में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह द्वारा प्रेस वार्ता में उक्त जानकारी देते हुए प्रदेश सरकार को घेरा.

उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में प्रजातांत्रिक मूल्यों का हनन किया जा रहा है. जनता के द्वारा निर्वाचित कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं के साथ बदले की भावना के साथ बुरा बर्ताव किया जा रहा है.

जिला इंकाध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि गत दिवस ब्यावरा में मुख्यमंत्री के आगमन पर जिपं अध्यक्ष को अतिथि के रुप में आमंत्रण दिया गया किंतु जब वह कार्यक्रम में पहुंचे तो उन्हें मंच पर जाने से रोककर जनता के एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि का अपमान किया गया. इसी तरह जब स्थानीय मुद्दों एवं समस्याओं को लेकर पूर्व विधायकगण कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे तो उनको भी बलपूर्वक रोक दिया गया. जिपं अध्यक्ष चंदर सिंह सौंधिया ने उस दिन हुए घटनाक्रम को विस्तारपूर्वक रखा.

भाजपा की बौखलाहट

जिला इंकाध्यक्ष ने कहा कि आखिर भाजपा को कांग्रेस पार्टी से इतनी घबराहट क्यों है. मुख्यमंत्री के समक्ष विपक्ष के जनप्रतिनिधियों को जाने से रोकना सत्तापक्ष की बौखलाहट का परिणाम है. भाजपा को डर था कि कहीं मुख्यमंत्री के समक्ष सच्चाई उजागर न हो जाये. जिला इंकाध्यक्ष श्री सिंह ने विगत दिवस नगर में युवक की संदिग्ध अवस्था में मौत होने के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए.

31 को मंडियों में देंगे ज्ञापन

जिलाध्यक्ष ने बताया कि 31 अक्टूबर को भावांतर योजना तथा किसानों की समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्र्रेस के तत्वावधान में स्थानीय कृषि मंडियों में मंडी प्रबंधन को आवेदन देंगे.

पोर्टल बंद होने पर उठाए सवाल

जिला इंकाध्यक्ष ने कहा कि भावांतर योजना में खरीदी शुरु होते ही बार-बार पोर्टल बंद होना कई सवाल खड़े कर रहा है. उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कहीं पोर्टल का बंद होना प्रदेश सरकार की नियत में तो कोई खोट नहीं. पोर्टल बंद होने से किसान परेशान हो रहे है. प्रेस वार्ता के दौरान जिपं अध्यक्ष चंदर सिंह सौंधिया, पूर्व विधायक पुरुषोत्तम दांगी, नपा उपाध्यक्ष अतुल जगताप, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रचना भार्गव, ब्लॉक अध्यक्ष महेन्द्र यादव, मोहन लोधी, चेन सिंह गुर्जर, लक्की दांगी, कपिल शिवहरे, ज्ञानू विजयवर्गीय सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

एक काम के कई बार भूमिपूजन

जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि भाजपा शासन में एक विकास निर्माण कार्य के कई बार भूमिपूजन किए जा रहे है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में ब्यावरा आये मुख्यमंत्री द्वारा जिन सडक़ निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया उनमें से कुछ निर्माण कार्य के भूमिपूजन पूर्व में भी किए जा चुके है. एक ही काम का बार -बार श्रेय लिया जा रहा है.

Next Post

गहरी खंती में नहाने उतरा युवक डूबा

Mon Oct 27 , 2025
सीहोर। थाना मंडी अंतर्गत आने वाले ग्राम आमझिर डाकपुलिया के समीप एक गहरे गड्डे में भरे पानी में नहाने के लिए अपने साथियों के साथ उतरे एक ग्रामीण युवक की डूबने में से मौत हो गई. मंडी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए अस्पताल भेजा है. […]

You May Like