तेहरान/मस्कट, (वार्ता) ईरान और ओमान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले एक प्रस्तावित वाणिज्यिक नौवहन मार्ग के लिए खास तरह के भौगोलिक चिन्हों पर सहमति व्यक्त की है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माईल बघाई ने बुधवार को बताया कि दोनों देश इस व्यवस्था की रूपरेखा तैयार करने वाले एक संयुक्त बयान को अंतिम रूप दे रहे हैं।
श्री बघाई ने कहा कि ईरान और ओमान के बीच पिछले दो महीनों से तकनीकी वार्ता चल रही थी। इसमें मार्ग के कानूनी, सुरक्षा, पर्यावरणीय और परिचालन पहलुओं को शामिल किया गया था। उन्होंने कहा, “यदि कोई तीसरा पक्ष प्रक्रिया में बाधा नहीं डालता है, तो दोनों देशों के मुख्य बिंदुओं और विचारों को दर्शाने वाले संयुक्त बयान की समीक्षा कर उसे अंतिम रूप दिया जा रहा है।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी समझौते का मतलब यह नहीं होगा कि इस रणनीतिक जलमार्ग से सुरक्षित आवाजाही खुद से बहाल हो जाएगी। श्री बघाई ने कहा, “ओमान के साथ समझौते का मतलब यह नहीं है कि जलडमरूमध्य जहाजों के लिए सुरक्षित हो गया है, क्योंकि होर्मुज जलडमरूमध्य में असुरक्षा पैदा करने वाले कारक विशेष रूप से अमेरिकी नौसेना की नाकाबंदी और ईरान व उसके हितों के खिलाफ अन्य कार्रवाइयां अभी भी बरकरार हैं।”
प्रवक्ता ने यह भी कहा कि फिलहाल संसद अध्यक्ष मोहम्मद-बाकर गालिबफ या विदेश मंत्री अब्बास अरागची की पाकिस्तान या कतर की यात्रा की कोई योजना नहीं है।
