
सीहोर। थाना मंडी अंतर्गत आने वाले ग्राम आमझिर डाकपुलिया के समीप एक गहरे गड्डे में भरे पानी में नहाने के लिए अपने साथियों के साथ उतरे एक ग्रामीण युवक की डूबने में से मौत हो गई. मंडी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए अस्पताल भेजा है. जानकारी के अनुसार इछावर थाना क्षेत्र के ग्राम भाऊखेड़ी निवासी कपिल वर्मा आ. धर्मसिंह वर्मा अपने दोस्तों के साथ सोमवार को आमाझिर से डाकपुलिया मार्ग स्थित पानी से भरी खंती में नहाने के लिए गया था. बताया जाता है कि नहाते वक्त गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गया. जब तक उसे बाहर निकाला जाता उसकी मौत हो चुकी थी. सूचना मिलने पर पहुंची मंडी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेजते हुए जांच प्रारंभ कर दी है. गौरतलब है कि जिला मुख्यालय के समीप ही ऐसे अनेक गहरे गड्ढे हैं जिनमें बारिश का पानी भरा है. सुनसान क्षेत्रों में बने इन गहरे गड्ढों में नहाने आने वाले कई लोगों की जलसमाधि बन चुकी है, लेकिन प्रशासन इस ओर से अनदेखी किए हुए है.
