उत्तरपूर्वी ऑस्ट्रेलिया में बाढ़ से दूसरी मौत की पुष्टि

सिडनी, 05 फरवरी (वार्ता) उत्तरपूर्वी ऑस्ट्रेलिया में बाढ़ के पानी में दूसरे व्यक्ति की मौत की पुष्टि की गई और निवासियों को आने वाले दिनों में अतिवृष्टि की चेतावनी दी गई है।

ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड राज्य की पुलिस ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि 82 वर्षीय महिला का शव मंगलवार सुबह इंघम शहर के पास गन्ने के खेतों में मिला। बाढ़ का पानी कम होने के बाद स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 11 बजे एक पड़ोसी को महिला के शव का पता चला।

ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड के उत्तरी उष्णकटिबंधीय तट क्षेत्र में बाढ़ संकट में यह दूसरी मौत है। इससे पहले, टाउन्सविले और केर्न्स शहरों के बीच प्रभावित क्षेत्र में सबसे अधिक प्रभावित कस्बों में से एक, इंघम में एक 63 वर्षीय महिला की रविवार को मृत्यु हो गई, जब छह लोगों के साथ एक आपातकालीन सेवा नाव एक पेड़ से टकराकर बाढ़ के पानी में पलट गई।

प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज़ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक बयान में कहा कि वह “इस अविश्वसनीय कठिन समय में परिवार और समुदाय के लिए चिंतित हैं।”

शुक्रवार और सोमवार के बीच कुछ इलाकों में लगभग दो मीटर बारिश हुई, लेकिन मंगलवार को स्थिति कुछ ठीक हुई, जिससे निकाले गए कुछ निवासियों को टाउन्सविले के निचले हिस्सों में अपने घरों में लौटने की इजाजत मिली।

हालांकि, मौसम विज्ञान ब्यूरो ने चेतावनी दिया है कि आने वाले दिनों में टाउन्सविले, इंघम और आसपास के इलाकों में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश हो सकती है।

टाउन्सविले से 350 किलोमीटर से ज्यादा अंदर स्थित जॉर्जटाउन शहर के निचले हिस्सों के निवासियों को मंगलवार रात घर खाली करने का आदेश दिया गया, जब पास की एक नदी ने अपना किनारा तोड़ लिया।

इंघम में हजारों संपत्तियों में विद्युत बहाल करने के लिए मंगलवार रात को एक जनरेटर जोड़ा गया था, लेकिन स्थानीय मेयर रेमन जायो ने कहा कि क्षेत्र के जल उपचार संयंत्र में खराबी आने के कारण बुधवार को शहर में पानी नहीं आ रहा।

बाढ़ के कारण शहर अन्य हिस्सों से कट गया है और आपूर्ति के लिए हवाई सहायता पर निर्भर है। अतिरिक्त बचाव दल और ऑस्ट्रेलियाई रक्षा बल के जवान पुनर्प्राप्ति प्रयासों में शामिल होने के लिए टाउन्सविले पहुंचे हैं।

Next Post

दिल्ली में नौ बजे तक 8.10 प्रतिशत मतदान

Wed Feb 5 , 2025
नयी दिल्ली 05 फरवरी (वार्ता) दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों के लिए बुधवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया और मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। राष्ट्रीय राजधानी में पहले दो घंटों (नौ बजे तक) 8.10 प्रतिशत मतदान हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, कांग्रेस […]

You May Like