फर्जी एनओसी तैयार कर भुगतान करने वाले पीडब्ल्यूडी के तत्कालीन कार्यपालन यंत्री और ठेकेदार के खिलाफ EOW में प्रकरण दर्ज

रीवा। रायल्टी चुकता प्रमाण पत्र संबंधित फर्जी एनओसी तैयार कर पीडब्ल्यूडी सतना के तत्कालीन कार्यपालन यंत्री मनोज द्विवेदी एवं संविदाकार द्वारा धोखाधड़ी कर शासन को लगभग दो करोड़ से अधिक की आर्थिक क्षति पहुंचाई गई. इस मामले में ईओडब्ल्यू रीवा ने प्रकरण दर्ज कर मामले की शुरू कर दी है.

पूरे मामले की जब शिकायत हुई और जांच की गई तो चौकाने वाला मामला सामने आया. रायल्टी चुकता प्रमाण पत्र जिसके आधार पर राशि का भुगतान किया गया है वह पत्र कलेक्टर कार्यालय खनिज शाखा रीवा से जारी होना नही पाया गया. सी. आर. एफ. योजना के अन्तर्गत सतना जिले के विभिन्न सडक़ निर्माण कार्यो में अनियमित भुगतान किया गया. सी.आर.एफ. योजना के अन्तर्गत वर्ष 2017 से 2022 की अवधि में सतना जिले के सेमरिया बनकुइंया मार्ग से गाजन, मझियार, बकिया, लौलाछ, भटिगवां, खाम्हा, किचवरिया, इटौर, मैनपुरा, अकौना, टिकरी, खमरिया, गोरइया मार्ग में 46.70 किमी. के सडक़ निर्माण कार्य में लोक निर्माण विभाग सतना एवं संविदाकार मे0 एस. आर. कन्स्ट्रक्शन दिल्ली द्वारा दिनांक 01.05.2017 को निष्पादित किये गये अनुबंध अनुसार कराये गये सडक़ निर्माण कार्यो के अंतिम देयक का भुगतान दिनांक 27.07.2021 को किया गया.

रोक के बावजूद किया गया खेल

निर्माण कार्य के चलित देयकों के भुगतान में माइल स्टोन (कार्य में विलम्ब) की राशि रुपये 2,59,66,580 / – लोक निर्माण विभाग सतना द्वारा रोक ली गई थी. रोंकी गई राशि के भुगतान हेतु संविदाकार द्वारा लोक निर्माण विभाग सतना के कार्यालय में रायल्टी चुकता संबंधी कलेक्टर कार्यालय खनिज शाखा रीवा का पत्र प्रस्तुत किया गया. उक्त पत्र लगभग 08-09 माह बाद तत्कालीन र्कायपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग सतना मनोज द्विवेदी द्वारा मार्क किया गया. उक्त पत्र लोक निर्माण विभाग सतना के कार्यालय में आवक होना नही पाया गया. उक्त पत्र के आधार पर तथा लोक निर्माण विभाग सतना के लेखाधिकारी की टीप को नजर अंदाज कर कार्यपालन यंत्री मनोज द्विवेदी द्वारा संविदाकार को माइल स्टोन की रोकी गई राशि के भुगतान की अनुमति प्रदान की गई है.

विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज हुआ प्रकरण

कलेक्टर कार्यालय खनिज शाखा रीवा के जिस पत्र के आधार पर संविदाकार को माइल स्टोन की राशि का भुगतान किया गया है. उक्त पत्र कलेक्टर कार्यालय खनिज शाखा रीवा से जारी होना नही पाया गया है. उक्त प्रकरण में लोक निर्माण विभाग सतना के तत्कालीन कार्यपालन यंत्री मनोज द्विवेदी, संविदाकार मे0 एस. आर. कन्स्ट्रक्शन दिल्ली एवं अन्य संबंधित के विरुद्ध आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ रीवा में धारा 120बी, 409, 420, 467, 468, 471 भादवि धारा 7सी, 13(1)ए, 13 (2) भ्रनिअ 1988 (संशोधन अधिनियम 2018 ) के अंतर्गत अपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है.

Next Post

वोट चोर गद्दी छोड़ को लेकर कांग्रेस चलाएगी हस्ताक्षर अभियान

Tue Sep 23 , 2025
रीवा। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में जिला समन्वय समिति की बैठक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सह-सचिव एवं मध्यप्रदेश के सह-प्रभारी रणविजय सिंह लोचव की उपस्थिति में सम्पन्न हुई. उक्त बैठक में जिला कार्यकारिणी के गठन, मतदाता सूची पुनरीक्षण, बीएलए-2, मोर्चा संगठन/प्रकोष्ठ/विभाग की कार्यकारिणी के जिला स्तर पर गठन, ब्लॉक […]

You May Like