
शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में एक सरकारी कार हादसे का शिकार हो गई। नेशनल हाईवे 46 पर अटलपुर गांव के पास यह हादसा हुआ। कार में श्योपुर के नायब तहसीलदार शैलेंद्र देव सेंगर, पटवारी शिवशंकर और वाहन चालक राहुल सिंह सवार थे। तीनों कर्मचारी शासकीय कार्य से भोपाल जा रहे थे। रास्ते में अचानक एक कुत्ता कार के सामने आ गया। कुत्ते से बचने की कोशिश में चालक ने कार का नियंत्रण खो दिया और वाहन पलट गया। हादसे में तीनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत बदरवास स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए तीनों को शिवपुरी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
