सम्राट चौक पर अवैध बस स्टॉपेज पर एक्शन: दो बसों पर 20 हजार का जुर्माना, एक बस ज़ब्त

सीधी: निर्देश के उल्लंघन पर आज तीन बसों पर कार्यवाही हुई । परिवहन एवं यातायात पुलिस की संयुक्त चेकिंग के दौरान सम्राट चौक में खड़ी दो बसों का चालान
कटा और एक बस जप्त हुई ।यह संयुक्त कार्यवाही जिला परिवहन अधिकारी सीधी अरविंद सिंह भदौरिया एवं यातायात पुलिस थाना सीधी प्रभारी भूपेश वैस एवं टीम द्वारा की गई। बताते चले कि कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा दिनांक 20 अप्रैल 2026 को नवीन व पुराने बस स्टैण्ड का भ्रमण किया गया था। उक्त भ्रमण के दौरान बस स्टैण्ड के सुचारू संचालन हेतु विभिन्न दिशा-निर्देश प्रदाय किये गये थे।

इसी तारतम्य में जिला परिवहन कार्यालय सीधी में 21 अप्रैल 2026 को समस्त बस संचालकों की बैठक आयोजित की गई थी। उक्त बैठक में जिला परिवहन अधिकारी, यातायात प्रभारी व बस एसोसिएशन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। वहीं बस संचालकों को बस स्टैण्ड से बस निकालने के बाद जगह-जगह खड़ा नहीं किये जाने के निर्देश दिये गये थे। जिससे शहर में जाम की स्थिति निर्मित नहीं हो। खासतौर पर सम्राट चौराहे में बस का अवैध स्टापेज बनाने को लेकर मना किया गया था। फिर भी यह देखा जा रहा था कि बस स्टैण्ड से बसों के अपने निर्धारित रूट पर रवाना होने के साथ ही उनके जगह-जगह रूकने का सिलसिला पूर्व की तरह चल रहा था। शिकायत सामने आने के बाद
आज जिला परिवहन अधिकारी सीधी अरविंद सिंह भदौरिया एवं यातायात पुलिस थाना सीधी प्रभारी भूपेश वैस एवं टीम द्वारा सम्राट चौक में संयुक्त कार्रवाई की गई।
निरीक्षण में सामने आया कि नवीन बस स्टैण्ड से बसों का संचालन नही करते हुए निर्देश के बाद भी अवैध रूप से सम्राट चौक से बसों का संचालन किया जा रहा है। टीम द्वारा दो बसों पर 10-10 हजार रुपए की चालानी कार्यवाही एवं एक बस को जप्त किया गया। इसके अलावा बस में अग्नि शमन यंत्र नही लगाने पर 5 बसों पर चालानी कार्यवाही की गई। यह कार्रवाई होते ही बस संचालकों में हड़कंप मच गया है।
नवभारत ने प्रमुखता से उठाई समस्या
निर्देश के बाद भी अघोषित बस स्टैंड बना सम्राट चौक शीर्षक से खबर का प्रकाशन 10 मई 2026 को कर समस्या को प्रमुखता से उठाया था। खबर को संज्ञान में लेते हुए आज परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। कार्रवाई से स्वेच्छाचारी बने बस आपरेटर्स में भी खौफ बना है कि यदि बस कर्मचारियों से नियम की अनदेखी कराई जायेगी तो इसका खामियाजा भी भुगतना पड़ेगा।
पांच अन्य बसों पर हुई चालानी कार्यवाही
परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस की संयुक्त चेकिंग के दौरान बसों की जांच के दौरान अग्नि शमन यंत्र न होने पर पांच अन्य बसों पर चालानी कार्रवाई की गई। बस संचालकों की जिस तरह की मनमानी बनी थी उसके कारण कड़ी कार्रवाई की जरूरत मानी जा रही थी। टीम द्वारा भी कड़ी कार्रवाई कर यह संदेश दिया गया है कि यदि आगे मनमानी बनी रही तो और कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
सतत् कार्यवाही की दरकार
परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा आज जिस तरह से कार्रवाई की गई है उसे सतत जारी रखने की दरकार है। आज कार्रवाई के बाद बस संचालकों की नजर रहेगी कि निरीक्षण हो रहा है या नहीं। उन्हें जब आभास हो जायेगा कि आगे फिलहाल कार्रवाई नहीं होगी तो उनकी मनमानी फिर शुरू हो जायेगी। खासतौर पर सम्राट चौराहे में बस का अवैध स्टापेज बनाने का सिलसिला फिर शुरू हो जायेगा।
इनका कहना है
नवीन बस स्टैण्ड से बसों का संचालन नही करते हुए निर्देश के बाद भी अवैध रूप से सम्राट चौक से बसों का संचालन किया जा रहा था जिस पर दो बसों पर 10-10 हजार रुपए की चालानी कार्यवाही एवं एक बस को जप्त किया गया। इसके अलावा बस में अग्नि शमन तंत्र नही लगाने पर 5 बसों पर चालानी कार्यवाही की गई। आगे भी अनवरत कार्यवाही जारी रहेगी।
अरविंद भदौरिया
जिला परिवहन अधिकारी सीधी
इनका कहना है
परिवहन एवं यातायात पुलिस के द्वारा संयुक्त चेकिंग के दौरान सम्राट चौक में निर्देशों का उल्लघंन कर खड़ी तीन बसों के खिलाफ कार्यवाही की गई है । आगे भी निर्देशों का उल्लघंन करने वाली बसों के खिलाफ सख्ती से साथ कार्यवाही की जायेगी।
भूपेश वैस
थाना प्रभारी, यातायात पुलिस थाना सीधी

Next Post

मौसम का यू-टर्न: चिलचिलाती धूप के बाद छाए बादल, बूंदाबांदी

Wed May 13 , 2026
जबलपुर: शहर में आज मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। सुबह से ही तीखी धूप और उमस से परेशान लोगों को दोपहर होते-होते राहत मिली। आसमान में अचानक घने बादल मंडराने लगे और तेज हवाओं के साथ दोपहर 2 बजे बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया। विदित हो कि […]

You May Like