जियो ब्लैकरॉक ने पहले ही नये फंड निर्गम में जुटाए 17,800 करोड़ रुपये

मुंबई, 07 जुलाई (वार्ता) जियो ब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड (जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट) ने अपने पहले ही न्यू फंड ऑफर (एनएफओ) में निवेशकों से कुल 17,800 करोड़ रुपये (2.1 अरब डॉलर) से अधिक का निवेश हासिल किया है। यह जानकारी कंपनी ने सोमवार को एक विज्ञप्ति में दी।
कंपनी ने तीन नकद एवं ऋण म्यूचुअल फंड लॉन्च किए थे। इनमें जियो ब्लैकरॉक ओवरनाइट फंड, जियो ब्लैकरॉक लिक्विड फंड और जियो ब्लैकरॉक मनी मार्केट फंड शामिल थे। विज्ञप्ति के अनुसार 90 से अधिक संस्थागत निवेशकों और 67,000 से अधिक व्यक्तियों ने ऑफर अवधि के दौरान इन फंडों में निवेश किया।
जियो ब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट कंपनी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज़ लिमिटेड (जेएफएसएल) और ब्लैकरॉक इंक का संयुक्त उद्यम है। गत 30 जून को शुरू हुआ यह न्यू फंड ऑफर 02 जुलाई को बंद हुआ। यह न्यू फंड ऑफर भारत के नकद/ऋण फंड सेगमेंट में सबसे बड़ा था, जिसने जियो ब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट को देश के 47 फंड हाउसों में से शीर्ष 15 एसेट मैनेजमेंट कंपनियों में शामिल कर दिया।
जियो ब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सिड स्वामीनाथन ने कहा, “संस्थागत और खुदरा निवेशकों के बीच हमारे पहले एनएफओ को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। यह जियो ब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट की निवेश फिलोसोफी, जोखिम प्रबंधन क्षमताओं और डिजिटल-फर्स्ट दृष्टिकोण को रेखांकित करता है। यह भारत के विकसित हो रहे निवेश परिदृश्य में, एक ताकत बन कर उभरने की दिशा में एक मजबूत कदम है।”
जियोब्लैकरॉक एसेट मैनेजमेंट कंपनी ने खुदरा निवेशकों को आकर्षित करने के लिए एक ‘अकाउंट क्रिएशन इनिशिएटिव’ नाम से योजना पेश की है। इससे जुड़ने को सरल बनाने के लिए इस पहल को डिज़ाइन किया गया है। इस पहल में ग्राहक जियोफाइनेंस ऐप के माध्यम से आसानी से निवेश के लिए अपना अकाउंट बना सकता है।

Next Post

लगातार बारिश से तरबतर गुना, गोपीकृष्ण सागर बांध के खुले दो गेट

Mon Jul 7 , 2025
गुना: जिले में बीते कई दिनों से लगातार हो रही बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात हुई झमाझम बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत तो दी, लेकिन साथ ही बांधों और नदियों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा दिया […]

You May Like