रेलवे में टीसी बनाने का झांसा, 18.50 लाख गंवा बैठा युवक

इंदौर: रेलवे में टिकट चेकर की नौकरी लगवाने का सपना दिखाकर ठगों ने युवक से 18.50 लाख रुपए ऐंठ लिए. ठगी को भरोसेमंद बनाने के लिए आरोपियों ने उसे दिल्ली बुलाया, रेलवे अस्पताल में फर्जी मेडिकल कराया और होटल में नियुक्ति पत्र थमा दिया. इसके बाद जॉइनिंग के नाम पर पटना और आसनसोल तक बुलाते रहे. काफी समय बाद भी नौकरी नहीं लगी तो युवक को फर्जीवाड़े का पता चला.

हातोद थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार पीड़ित विकास ने शिकायत में बताया कि आरोपियों ने रेलवे में टीसी बनवाने का झांसा दिया था. उनकी बातों में आकर उसने अलग अलग समय पर 18 लाख 50 हजार रुपए दे दिए. रकम लेने के बाद आरोपियों ने उसे दिल्ली बुलाया. विकास ने पुलिस को बताया कि दिल्ली में आरोपी उसे डीआरएम रेलवे कार्यालय और रेलवे अस्पताल लेकर गए. यहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया. इसके बाद होटल गोल्डन में ले जाकर रेलवे का नियुक्ति पत्र सौंप दिया. पूरी प्रक्रिया को वास्तविक बताने के लिए आरोपियों ने उसे आगे जॉइनिंग के लिए पटना और आसनसोल भी बुलाया.

वहां डीआरएम कार्यालय में दस्तावेज जमा कराने के बहाने आरोपियों ने नियुक्ति पत्र और आईडी कार्ड वापस अपने पास रख लिए. इसके बाद भी जब जॉइनिंग नहीं हुई और आरोपी टालमटोल करते रहे तो विकास को संदेह हुआ. पड़ताल के बाद उसे अपने साथ हुए फर्जीवाड़े का पता चला. शिकायत के आधार पर हातोद पुलिस ने भोपाल निवासी अरविंद यादव, कोच फैक्ट्री भोपाल निवासी सुमन यादव और हरिओम पैलेस, इंदौर निवासी अभिजीत पिता गिरीश साहू के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ यह भी पता लगा रही है कि गिरोह ने अन्य लोगों को भी इसी तरह नौकरी का झांसा देकर ठगा है या नहीं.

Next Post

खाद्य पदार्थ की जांच पर फूड निरीक्षक घिरे

Wed Aug 26 , 2026
देवसर। कलेक्टर के निर्देश पर फूड निरीक्षक आज देवसर के एक होटल में पहुंच मिठाइयों का सेम्पल लिया। इसकी जानकारी मिलते ही मीडिया कर्मी भी पहुंच गये और पिछले वर्ष लिये गये सेम्पलों के बारे में पूछतांछ करने लगे, लेकिन आरोप है कि फूड इंस्पेक्टर ने गोलमाल जवाब दिया। जानकारी […]

You May Like