हम बदला लेंगे…सीजफायर के बाद पहली बार सामने आए खामेनेई! शांति वार्ता से पहले अमेरिका को दी खुली धमकी

इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान शांति वार्ता से पहले मोजतबा खामेनेई ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने अमेरिका-इजरायल को चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान अपने शहीदों के खून का हिसाब लेगा।

ईरान और अमेरिका के बीच 10 अप्रैल को पाकिस्तान में शांति वार्ता होने वाली है। इसी बीच ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई (Mojtaba Khamenei) ने अमेरिका और इजरायल को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि ईरान पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। डोनाल्ड ट्रंप द्वारा युद्धविराम की घोषणा के बाद खामेनेई का यह पहला बयान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान युद्ध नहीं चाहता, लेकिन अपने अधिकारों से पीछे नहीं हटेगा।

मोजतबा खामेनेई (Mojtaba Khamenei) ने कहा कि ईरान एक बड़ी शक्ति बनने की दहलीज पर है और हालिया संघर्ष में खुद को विजेता मानता है। उन्होंने हमले के जिम्मेदार लोगों से हर नुकसान का मुआवजा लेने और शहीदों के खून का हिसाब चुकाने की बात कही। साथ ही, उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रबंधन में नए चरण की ओर बढ़ने का संकेत दिया और ईरानी सेना की सराहना की।

इस्लामाबाद में आज होगी शांति वार्ता
अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के सशर्त युद्धविराम पर सहमति बनी है, जिसके बाद मतभेद सुलझाने और इसे स्थायी शांति में बदलने के लिए इस्लामाबाद में शुक्रवार (10 अप्रैल 2026) को बैठक प्रस्तावित है। बैठक से पहले ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने आरोप लगाया कि लेबनान पर इजरायल का हमला युद्धविराम का खुला उल्लंघन है, जिससे बातचीत बेअसर हो सकती है।

पेजेश्कियान ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई भरोसे की कमी और नियमों की अनदेखी को दर्शाती है। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान सतर्क रहेगा और अपने सहयोगियों, खासकर लेबनान के लोगों का साथ नहीं छोड़ेगा। यह बयान लेबनान में इजरायली हमलों के बाद आया, जिनमें बड़ी संख्या में लोग हताहत हुए।

पाकिस्तान ने दिया सुरक्षा का आश्वासन
इस बीच, पाकिस्तान ने इस उच्च-स्तरीय वार्ता के लिए इस्लामाबाद में सुरक्षा कड़ी कर दी है। सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात कर क्षेत्रीय शांति के लिए चल रहे प्रयासों की समीक्षा की।

पाकिस्तान ने आश्वासन दिया है कि वार्ता के लिए आने वाले अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल को सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जाएगा। बताया जा रहा है कि जेडी वेंस के नेतृत्व में अमेरिकी दल भी बैठक में शामिल हो सकता है, हालांकि उनके आगमन का समय अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।

 

Next Post

इजरायल-पाकिस्तान के बीच खिंची तलवारें! आसिफ के कैंसर वाले बयान पर भड़के बेंजामिन नेतन्याहू, दे दी डाली चेतावनी

Fri Apr 10 , 2026
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ द्वारा इजरायल को “कैंसर” बताने पर नेतन्याहू ने कड़ी नाराजगी जताई है। ईरान-अमेरिका शांति वार्ता पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। ईरान-अमेरिका युद्धविराम के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे पाकिस्तान को एक विवादित बयान के चलते इजरायल (Israel) की कड़ी नाराजगी का […]

You May Like